-पटना के मंदिरों पर भी लॉकडाउन

PATNA: दुनिया में फैले कोरोना महामारी के कारण देश में लॉकडाउन है। इस बीच कई पर्व-त्योहार भी पड़ रहे हैं। चैती छठ हो चुका है। चैत्र नवरात्र जारी है, इसी बीच गुरुवार को रामनवमी है। श्रद्धालु सीमित संसाधनों में ही व्रत, उपवास, पूजा-आराधना, पाठ-जाप कर रहे हैं। इस बार रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्राओं पर पूर्ण रूप से रोक है। लेकिन रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह भी है। नियम, संयम, निष्ठा और सावधानी पूर्वक सभी पर्व-त्योहार मना रहे हैं।

भगवान विष्णु के वतार मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जन्म दिवस के रूप में रामनवमी इस बार गुरुवार को मनाया जाएगा। ये जानकारी पंडित राकेश झा शास्त्री ने दी। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जन्म चैत्र शुक्ल नवमी तिथि को पुनर्वसु नक्षत्र और कर्क लग्न में मध्यान्ह काल में हुआ था। इसी दिन से भक्त इस तिथि को रामनवमी के रूप में मनाते आ रहे हैं।

सूर्य को जल चढ़ाकर करेंगे पूजा की शुरुआत

रामनवमी सूर्य को जल अर्पण करने के साथ शुरू होता है। क्योकि ऐसी मान्यता है कि सूर्य राम के पूर्वज थे। इस दिन पवित्र नदियों, जलाशयों, गंगा, त्रिवेणी या सरयू नदी में स्नान करने से कई गुना फल प्राप्त होता है। चैत्र नवरात्र करने वाले श्रद्धालु इसी दिन कन्या पूजन, हवन और पुष्पांजलि कर इस पर्व की शुरुआत करेंगे।

ज्योतिष विज्ञान परिषद के सदस्य कर्मकांड विशेषज्ञ च्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि इस बार सुयोग के साथ सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग, गुरु-पुष्य योग और सर्वार्थ सिद्धि योग के साथ-साथ कर्क लग्न, कर्क राशि के साथ सूर्य तथा गुरु की उत्तम स्थिति में पूजा- पाठ, भक्ति, आराधना, सतसंग व मनोकामना पूर्ति के लिए भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

पूजा से मानसिक शांति और उन्नति

पंडित झा ने बताया कि रामनवमी के अति पुण्यदायक दिवस पर राम और हनुमान आराधना से श्रद्धालुओं को शत्रु शमन, उच्च पद की प्राप्ति, मानसिक शांति, नेतृत्व क्षमता, मनोबल में वृद्धि, संबंधों में मधुरता और प्रगति के अवसरों की प्राप्ति के साथ समय की अनुकूलता प्राप्त होगी। गुरुवार को दिनभर महानवमी या रामनवमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरित मानस की रचना की थी। दक्षिण संप्रदाय के लोग इस पर्व को कल्याणोत्सव यानि राम की शादी समारोह के रूप में भी मनाते हैं। उनकी मान्यता है कि इससे पति-पत्नी के बीच प्रेम बढ़ता है।

Posted By: Inextlive