- मंदिरों में संकीर्तन का हुआ आयोजन धार्मिक समितियों ने निकाले जुलूस

- श्री राम परिवार समेत अन्य देवी देवताओं की निकाली झांकी, जमकर थिरके श्रद्धालु

BAREILLY:

भगवान राम का प्रकटोत्सव यानि रामनवमी के पावन अवसर पर संडे को शहरवासियों ने श्री राम के जयकारे लगाते हुए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। शहर के कई इलाकों से करीब दर्जन भर बड़े व छोटे-छोटे जुलूस एवं शोभायात्रा निकाली गई। मंदिरों में संकीर्तन का आयोजन हुआ। श्री बांके बिहारी मंदिर और श्री हरि मंदिर समेत राम जानकी मंदिर में महिला मंडली ने भजन कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया। राम जन्मोत्सव के बाद मंदिरों में श्री रामचरित मानस पाठ के बाद पूर्णाहूति हुआ।

भजनों ने मोहा मन

संकीर्तन में 'जन्म लिए मेरे रघुराई, अवधपुरी में बहार आई', 'भए प्रकट कृपाला, दीन दयाला, कौशल्या हितकारी', 'जन्म लिए चारों भइया अवध में बाजे बधइया' समेत कई भजनों ने मन मोह लिया। तपेश्वरनाथ मंदिर, कैंट रामनवमी आयोजन समिति, धोपेश्वरनाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों से शोभायात्रा निकाली गई। इसके अलावा अलखनाथ मंदिर पर रानी के फाटक से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ मेयर डॉ। उमेश गौतम ने किया। श्री हरे राम ग्वाल बाल सेवा समिति की शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का समूह प्रभु श्री राम के भजनों पर जमकर थिरकते, नाचते और गाते हुए नजर आए। भक्तों ने श्री राम का गुणगान भजनों से कर यज्ञ की पूर्णाहूति दी।

Posted By: Inextlive