RANCHI : अगर आपने भी अब तक होल्डिंग टैक्स नहीं भरा है और और नगर निगम आफिस का चक्कर लगाने से बचना चाहते हैं, तो आपके लिए राहत वाली खबर है। अब आप आनलाइन खुद से भी अपना होल्डिंग टैक्स डेबिट कार्ड के माध्यम से जमा कर सकते हैं। इसके अलावा टैक्स कलेक्टर के पास भी कार्ड स्वैपिंग मशीन होगी, जहां आप अपने कार्ड से स्वैप करके टैक्स का भुगतान कर सकेंगे।

सभी 55 वार्ड में सुविधा

रांची नगर निगम के पीआरओ नरेश कुमार ने बताया कि यह सुविधा सभी 55 वार्डो के लोगों को मिलेगी। इसके लिए नगर निगम ने आईसीआईसीआई बैंक से टाईअप किया है। जिसके तहत टैक्स कलेक्टरों को आइसीआइसीआइ बैंक की ओर से स्वैपिंग मशीन बांटी जा रही है। 55 वार्डो में स्वैपिंग मशीन से टैक्स कलेक्टर होल्डिंग टैक्स समेत अन्य टैक्स भी कलेक्ट करेंगे। इसमें लोगों को आनलाइन असेसमेंट के बाद अपना एटीएम कार्ड स्वैप करना होगा। इससे आपका पेमेंट भी हो जाएगा और उसका मैसेज भी तुरंत आपके मोबाइल पर आ जाएगा।

क्या है ऑनलाइन प्रॉसेस

होल्डिंग टैक्स ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए रांची नगर निगम की वेबसाइट पर लोगों को मकान के असेसमेंट का डिटेल भरना होगा। इसके बाद पेमेंट मोड में जाकर ऑप्शन सेलेक्ट कर टैक्स जमा कर सकते हैं। इसके बाद आपको होल्डिंग टैक्स जमा करने की पक्की रसीद नगर निगम का टैक्स कलेक्टर आपके घर आकर पहुंचाएगा।

9 नवंबर से लागू है नया होल्डिंग टैक्स

रांची नगर निगम की नियमावली में बदलाव के बाद राजधानी के लोगों को अपने मकान का असेसमेंट खुद करना है। इसके आधार पर लोगों को 70 परसेंट एरिया का टैक्स भरना है। इसमें अभी तो लोग चेक से टैक्स का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन अब लोगों के पास आनलाइन टैक्स भरने का भी एक विकल्प होगा। इससे टैक्स कलेक्टरों को भी आसानी होगी।

Posted By: Inextlive