RANCHI : मंगलवार की सुबह में ओरमांझी थाना पुलिस ने हजारीबाग के बड़कागांव सीसीएलकर्मी 32 वर्षीय सत्येंद्र मुंडा का शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, सत्येंद्र मुंडा हजारीबाग जिले के बड़कागांव के पोतंगा गांव का रहनेवाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

22 को आया था रांची

बताया जाता है कि सत्येंद्र मुंडा का दो साल पूर्व पालू गांव की एक युवती सबीता कुमारी से शादी होनेवाली थी। उससे उसका प्रेम संबंध भी था। वह अक्सर उसके पास आता था और चला जाता था। युवती ने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात में वह उससे मिली थी, लेकिन कुछ लोगों को आते देख वह वहां से भाग निकली। बाद में पता चला कि उसकी हत्या हो गई है। उसने यह भी स्वीकार किया कि हत्या की वजह वह ही है। पर, सत्येंद्र की हत्या किसने की, उसे पता नहीं है।

दोस्त की छेका में आया था ओरमांझी

सत्येंद्र कुमार मुंडा अपने दोस्त की छेका में शामिल होने के लिए अपने मित्र मनोज प्रजापति के साथ बारीडीह आया था। फिर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों सुबह में ड्यूटी कहने की बात कहकर निकल गया था। उसी दौरान मनोज प्रजापति को बोला कि वह आधे घंटे में आ रहा है। लेकिन, वह रात भर नहीं लौटा। मनोज प्रजापति भी रात भर उसका वहीं पर इंतजार करने लगा। इंतजार करने के बाद सुबह में इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। परिजनों ने ओरमांझी थाना में एक लापता का सनहा दर्ज कराया। जब पुलिस ने कॉल डिटेल्स निकाले तो उस मोबाइल पर किसी युवती से बातचीत होने की बात सामने आई। पुलिस युवती को उठा कर थाने लाई। बाद में मंगलवार की सुबह सत्येंद्र कुमार मुंडा का शव कुएं से बरामद किया गया। उसके हाथ बंधे हुए थे और गला काटा गया था।

Posted By: Inextlive