RANCHI: रांची पुलिस की शर्मसार करने वाली कार्यशैली एक बार फिर सामने आई है, जहां रांची कॉलेज की एक छात्रा के साथ एक युवक ने 16 साल की उम्र से ही यौन संबंध स्थापित किया। झांसा दिया था कि बालिग होने पर उसके साथ शादी कर लेगा। लेकिन, एक सप्ताह पहले ही उसने शादी करने से इनकार कर दिया। मामले की शिकायत लेकर जब पीडि़ता महिला थाना पहुंची तो थानेदार ने कहा कि पहले आरोपी युवक के घर का पता लाओ फिर एफआईआर दर्ज की जाएगी। ऐसे में पीडि़ता आरोपी को सजा दिलाने के लिए भटक रही है।

क्या है मामला

पीडि़ता के अनुसार, एक दिन लड़के ने कहा कि उसे भाभी ने बुलाया है। वह मांडर से रांची रेलवे स्टेशन पहुंची जहां उसे रिसीव करने लड़का आया था। वह उसे चुटिया के ढुमसा टोली में ले गया, जहां उसके भैया और भाभी रहते थे। हालांकि, उस वक्त घर में उसके भैया-भाभी नहीं थे। इसी दौरान उसने लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाया। पीडि़ता ने जब विरोध किया तो शादी करने की बात कही। इस तरह शादी का झांसा देकर लड़के ने चार साल तक यौन शोषण किया। बालिग होने पर लड़की ने फिर से शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन लड़का ने अब शादी करने से साफ इनकार कर दिया। ऐसे में पीडि़ता मांडर थाना में केस दर्ज कराने पहुंची। वहां कहा गया कि महिला थाना जाओ। यहां थानेदार ने सारी आपबीती सुनी।

वर्जन

यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। प्राथमिकी दर्ज कराने का हर कोई को अधिकार है। पीडि़ता से संपर्क करने की कोशिश की जाएगी और उसे न्याय मिलेगा।

अजीत कुमार विमल, डीएसपी, कोतवाली

Posted By: Inextlive