RANCHI : अगर आप भी रांची रेलवे स्टेशन जा रहे हैं और जहां-तहां गंदगी फैलाने की आदत है तो इसे तत्काल बदल डालिए। वरना रेलवे जुर्माना ठोंक देगा। जी हां, रांची रेलवे स्टेशन पर अब गंदगी फैलाने पर 500 रुपए फाइन लगाया जाएगा। इतना ही नहीं फाइन के साथ गंदगी फैलाने वालों को सजा का भी प्रावधान है। देशभर के 100 मॉडल स्टेशनों में रांची को भी शामिल किया गया है। इसी के तहत स्टेशन पर बदलाव लाने का काम तेजी से चल रहा है।

डस्टबिन यूज करने पर जोर

साउथ इस्टर्न रेलवे के रांची और हटिया स्टेशन को इको स्मार्ट स्टेशन के रूप में डेवलप करने की योजना है। जिसके तहत स्टेशन पर चारों ओर इको फ्रेंडली माहौल होगा। वहीं वेस्ट डिस्पोजल को लेकर भी अभी से ही तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां ड्राइ और वेट वेस्ट के लिए अलग-अलग डस्टबिन भी लगाए जा रहे हैं ताकि लोग कचरा उसी में डाले। वहीं डिस्पोजल के लिए स्टेशन एरिया में ही डिस्पोजल प्लांट भी लगाया जाएगा।

हरा-भरा बचाने का दे रहे संदेश

साउथ इस्टर्न रेलवे अपने जोन के सभी स्टेशनों पर धरती को हरा-भरा बनाने का संदेश दे रहा है। इसके लिए रांची स्टेशन पर भी जगह-जगह डिसप्ले लगाए जा रहे हैं। जिसमें बताया गया है कि धरती हमसे नहीं है बल्कि हमलोग इस धरती की वजह से है। इसलिए थूकने, गंदगी फैलाने, प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल करने से पहले एक बार जरूर सोचें।

Posted By: Inextlive