RANCHI : सरकार ने 31 मार्च तक रांची सहित पूरे राज्य में लॉक डाउन लागू किया है। लेकिन इसके पहले दिन ही राजधानी की सड़कों पर लोग आम दिनों की तरह चलते-फिरते नजर आए। शासन के बार-बार प्रयास करने के बावजूद लोग सड़कों पर नजर आए। बेवजह घर से निकलने वाले लोगों का ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटना शुरू कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि हम लोगों को निर्देश मिला है कि अगर कोई व्यक्ति बिना वजह सड़क पर निकलता है तो उसका चालान काटा जाए। इसकी शुरुआत कर दी गई है और मेन रोड, रातू रोड, डोरंडा ,हरमू रोड सहित कई चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस बेवजह बाइक और कार से घूमने वाले लोगों को रोक रही है। उनका चालान भी काट रही है।

गाइडलाइन का करें पालन

ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि सरकार ने जो गाइडलाइन जारी की है, उसके अनुसार अगर बहुत जरूरी नहीं हो तो घर से ना निकलें। लेकिन लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। अब शायद लोग ट्रैफिक चालान के डर से बेवजह घर से ना निकलें। इसकी शुरुआत ट्रैफिक पुलिस ने कर दी है। ट्रैफिक पुलिस लोगों को माइक से जगह-जगह बता रही है कि बिना वजह घर से ना निकलें और अगर घर से निकलते हैं तो उनका चालान भी काटा जाएगा। पुलिस का मानना है कि शायद लोग चालान देने के डर से घर से ना निकलें।

जगह-जगह अनाउंसमेंट

सरकार के आदेश के बाद भी लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। वेवजह गाड़ी लेकर सड़कों पर निकल रहे हैं। रांची यातयात पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है। बेवजह सड़क पर गाड़ी लेकर निकलने वालों को हिदायत देने के साथ फाइन भी काटा जा रहा है। पुलिस द्वारा लॉकडाउन के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। उन्हें इसकी महत्ता समझाई जा रही है। उनसे आदेश का पालन करने को कहा जा रहा है। पुलिस द्वारा जगह-जगह पर बेवजह भीड़ नहीं लगाने का अनाउसमेंट भी किया जा रहा है।

12000 रुपए कटा है चालान

रविवार को जनता क‌र्फ्यू के दिन पूरी रांची बंद रही। लोग नहीं के बराबर निकले। इतनी कड़ाई के बावजूद भी कई लोग सड़कों पर निकले। उन लोगों का ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटा है। ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, जनता क‌र्फ्यू के दिन रांची की सड़कों पर बेवजह घूमने वालों से 12000 हजार रुपये का फाइन वसूला गया है। इसमें बाइक और कार दोनों के लोग शामिल रहे हैं। अब आने वाले 31 मार्च तक अगर लोग बेवजह घर से निकलेंगे तो ट्रैफिक पुलिस उनका चालान काटेगी।

Posted By: Inextlive