- सभी खिलाडि़यों को प्रशस्ति प्रत्र के साथ दी गई तीन लाख 11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार

LUCKNOW: मंच से जैसे ही खिलाडि़यों को सम्मानित करने के लिए एनाउंसमेंट शुरू हुआ वैसे ही पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इनाम लेने के लिए लखनऊ की शिवा सिंह को रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड के लिए मंच पर बुलाया गया, खेल प्रेमियों ने तालियां बजा कर उनका उत्साहवर्धन किया। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर अवध शिल्पग्राम में प्रदेश का नाम देश और विदेशों में रोशन करने वाले खिलाडि़यों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। इस अवसर पर महिला खिलाडि़यों को रानी लक्ष्मीबाई और पुरुष खिलाडि़यों को लक्ष्मण पुरस्कार दिया गया। शुक्रवार को अवध शिल्प ग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाडि़यों को प्रशस्ति पत्र और तीन लाख 11 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया।

पहली बार चार खिलाड़ी लखनऊ के

इन खिलाडि़यों में चार खिलाड़ी लखनऊ के शामिल रहे। इनमें हैंडबॉल की शिवा सिंह और राहुल दुबे, सॉफ्ट बाल खिलाड़ी मरियम खान और श्रेयांश सिंह रहे। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों के खिलाडि़यों को सम्मानित किया गया। कुल 14 खिलाडि़यों को सम्मानित किया गया। इनमें शूटिंग, एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, कुश्ती के खिलाड़ी शामिल रहे। वेटरन महिला वर्ग में हॉकी की पूर्व खिलाड़ी रजनी जोशी दीक्षित को, वेटरन पुरुष वर्ग में कुश्ती में राजीव तोमर और शूटिंग मे सतेंद्र कुमार शामिल रहे। खिलाडि़यों को प्रदेश के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित करने पर खेल जगत में खुशी का माहौल रहा। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के निदेशक डॉ। आरपी सिंह ने बताया कि खिलाडि़यों का यह रिजल्ट बता रहा है कि प्रदेश में खेल तेजी से बढ़ रहा है।

खेल संघों और खिलाडि़यों ने जताई खुशी

खिलाडि़यों के सम्मानित होने पर भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडेय, यूपी ओलंपिक एसोएिशन को उपाध्यक्ष टीपी हवेलिया, लखनऊ ओलंपिक एसोएिशन के कार्यकारी अध्यक्ष सैयद रफत, हैंडबाल कोच भुवन चंद्र भट्ट, लखनऊ एथलेटिक्स एसोसिशन के सचिव बी आर वरुण, लखनऊ फुटबाल संघ के सचिव कन्हैया लाल और अन्य संघ के सदस्यों उन्हें बधाई दी।

इन्हें मिला रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण अवार्ड

1. पारुल चौधरी- एथलेटिक्स- मेरठ

2. शिवा सिंह -हैंडबाल -लखनऊ

3. मरियम खान- सॉफ्ट टेनिस- लखनऊ

4. अमृता पाण्डेय- शूटिंग- कानपुर

5. रजनी जोशी दीक्षित- हॉकी- वेटरन वर्ग-बरेली

- इन खिलाडि़यों को मिला लक्ष्मण पुरस्कार

6. सौरभ चौधरी- शूटिंग- मेरठ

7. दिवाकर राम- हॉकी- गोरखपुर

8. राहुल दुबे- हैंडबाल-लखनऊ

9. श्रेयांश सिंह- सॉफ्ट टेनिस-लखनऊ

10. चमन सिंह- तीरंदाजी- मेरठ

11. अभिषेक यादव- टेबलटेनिस- कानपुर

12. शिव पाल सिंह- एथलेटिक्स- चंदौली

13. राजीव तोमर- कुश्ती- वेटरन वर्ग- बागपत

14. सतेंद्र कुमार- शूटिंग- वेटरन वर्ग- हापुड़

कोट

कई प्रतियोगिताओं में जीतने के बाद मेडल मिले और सम्मानित हुए। देश का नाम रोशन करने पर खुद को गौरवान्वित महसूस किया, लेकिन आज अपने घर में परिजनों के सामने सम्मानित होने का मौका मिला। आज का यह पल हमारी जिंदगी के लिए अनमोल है।

सौरभ चौधरी

शूटिंग

जब शुरुआत की थी तो मैंने खुद भी नहीं सोचा था कि यह मंजिल तय कर सकूंगी। इस मुकाम को हासिल करने में मेरे परिजनों के साथ कोच का विशेष सहयोग रहा।

पारुल चौधरी

एथलेटिक्स

मेरी कामयाबी में मेरी बहन के साथ ही मेरे दोस्तों का साथ रहा। अन्य प्रदेशों और देशों में कई बार सम्मानित हुआ, लेकिन आज अपने घर में जब सर्वोच्च पुरस्कार मिलने की खुशी को मैं शब्दों में नहीं बयां कर सकता।

राहुल दुबे

हैंडबॉल

Posted By: Inextlive