बिहार के भोजपुर में नवादा के कतिरा मोहल्ले में शुक्रवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर रणवीर सेना के संस्थापक ब्रह्मेश्वर सिंह की हत्या कर दी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह की सैर पर निकले ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ ब्रह्मेश्वर मुखिया 70 पर सुबह करीब छह बजे अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं.


बिहार में प्रतिबंधित जातीय संगठन रणवीर सेना पर कई जातीय नरसंहारों को अंजाम देने का आरोप है। सिंह पर इन नरसंहारों की साजिश रचने का आरोप था। रणवीर सेना के प्रमुख के रूप में नरसंहार से संबंधित 22 मामलों में से 16 में सिंह बरी हो चुके थे और छह में जमानत पर थे।आरा में कर्फ्यूउधर, ब्रह्मेश्वर की हत्या के बाद भोजपुर में जबर्दस्त तनाव है। हत्या के बाद पूरे आरा शहर में तोड़फोड़ और उपद्रव हो रहे हैं। शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हजारों की तादाद में जुटे रणवीर सेना समर्थकों ने कई सरकारी दफ्तरों और स्टेशनों पर आगजनी और तोड़फोड़ की। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस.आर। नायक और बीजेपी विधायक संजय सिंह टाइगर के साथ भी धक्का-मुक्की की। उपद्रवियों ने शहर में जगह-जगह पर चक्का जाम कर दिया है और आगजनी शुरू कर दी।
स्थानीय सर्किट हाउस में भी आग लगा दी गई। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी आगामी सेवा यात्रा के दौरान ठहरने वाले थे। उनके समर्थकों ने कृषि भवन, आरा प्रखंड विकास पदाधिकारी के दफ्तर और आरा स्टेशन में तोड़फोड़ और आगजनी की। आरा डेयरी के चार वाहनों में आग लगा दी गई। रणवीर सेना के प्रवक्ता अजय सिंह ने बताया कि संगठन के समर्थक औरंगाबाद, सासाराम, जहानाबाद, अरवल और गया से आज आरा में जुटेंगे, जहां आगे की रणनीति तय की जाएगी।कौन थे ब्रह्मेश्वर सिंह?ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ ब्रह्मेश्वर मुखिया बिहार में नक्सली संगठनों और बडे़ किसानों के खूनी संघर्ष के इतिहास का एक बड़ा नाम है। भोजपुर के खोपिरा गांव के रहने वाले मुखिया ऊंची जाति से थे। नक्सली संगठनों के खिलाफ उन्होंने 1994 में अपनी निजी सेना, जिसे रणवीर सेना के नाम से जाना जाता है का गठन किया। रणवीर सेना और नक्सलियों के बीच गई नरसंहार हुए। लक्ष्मणपुर बाथे नरसंहार इसमें सबसे बड़ा है। दिसंबर 1997 को हुए इस नरसंहार में 58 दलितों की हत्या कर दी गई थी.  इसमें ब्रह्मेश्वर को मुख्य अभियुक्त माना गया था। यह नरसंहार बाडा में ऊंची जाति के 37 लोगों की हत्या के जवाब में किया गया था। ब्रह्मेश्वर को 29 अगस्त 2002 को पटना में अरेस्ट किया गया था।

Posted By: Inextlive