दून के सहस्त्रधारा में शेरा गांव स्थित आश्रम पर पुलिस ने रेड मारी। कुछ महिलाओं ने लगाए दुष्कर्म के आरोप...


देहरादून (ब्यूरो)। क्रांतिगुरू के नाम से चर्चित मेरठ के परमधाम के संचालक चंद्रमोहन पर सामूहिक दुष्कर्म के आरोप लगे हैं। देहरादून के राजपुर थाने में दो महिलाओं ने एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि दून के सहस्त्रधारा स्थित क्रांतिगुरू के आश्रम में पिछले वर्ष एक महिला से और इस वर्ष एक अन्य महिला से क्रांतिगुरू वे उसके सहयोगी ने दुष्कर्म किया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिलाओं को डरा-धमकाकर चुप रखा गया। हाल ही में जब दोनों महिलाओं को एक दूसरे की कहानी पता चली तो उन्होंने हिम्मत दिखाई और फ्राइडे रात राजपुर थाने पहुंच कर एफआईआर करा दी। पुलिस ने दोनों महिलाओं का मेडिकल करा देहरादून स्थित उस आश्रम की विजिट कर हालात देखे जहां महिलाओं ने दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं।आधी रात बुलाकर दुष्कर्म


मामला जनेऊ क्रांति के कर्ताधर्ता चर्चित क्रांतिगुरू चंद्रमोहन से जुड़ा है। मेरठ में परमधाम आश्रम की देहरादून मे भी सहस्त्रधारा रोड पर शेरा गांव में शाखा है। फ्राइडे रात को अमरोहा यूपी की रहने वाली दो महिलाओं ने राजपुर थाने पहुंच कर चंद्रमोहन के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराई। महिलाओं का आरोप है कि वे मेरठ के बलिदपुर दौराला स्थित चंद्रमोहन के परमधाम न्यास आश्रम से वर्ष 2013 में जुड़ी थी। उन्हें चंद्रमोहन ने परमधाम न्यास में महानिरीक्षक के पद का जिम्मा दिया था। चंद्रमोहन महाराज ने ही महिला की शादी 18 जून 2018 को कराई थी। देहरादून के सहस्त्रधारा एरिया में शेरा गांव में भी चंद्रमोहन का आश्रम व निवास है। वह वहीं पर जनेऊ क्रांति से जुड़ी महिलाओं की मीटिंग बुलाई जाती थी। शादी के चार दिन बाद महिला मीटिंग में शामिल होने के लिए ग्राम शेरा सहस्त्रधारा के आश्रम पहुंची थी। दिन में मीटिंग थी, रात को महिला आश्रम के टिनशेड में सो रही थी। आधी रात आश्रम से जुड़ी दो महिलाओं ने उसे जगाया और कहा कि चंद्रमोहन महाराज ने उसे बुलाया है। महिला बिना किसी शक के कमरे में गयी तो वहां पर चंद्रमोहन महाराज व जनेऊ क्रांति मिशन के अध्यक्ष कुलदीप ने उसके साथ दुष्कर्म किया।वीडियो वायरल करने की धमकी से डरकर चुप रही:महिला ने बताया कि दुष्कर्म के बाद चंद्रमोहन और कुलदीप ने उसे धमकी दी कि यदि कहीं बताया तो तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे और धमकी दी कि वीडियो क्लिप बना ली है, उसे भी वायरल कर देंगे। चंद्रमोहन प्रभावशाली व ऊंची पहुंच वाला व्यक्ति है। जिसके डर से पीडि़ता पहले चुप रही।एक और पीडि़ता मिली तो आई हिम्मत :

दुष्कर्म पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि काफी समय चुप रहकर सब सहन करती रही। इस दौरान उसे आश्रम में हाल ही एक अन्य महिला मिली। दूसरी महिला ने इसी वर्ष 17 जून को खुद के साथ दुष्कर्म होने की बात कही। दोनों महिलाएं अमरोहा की है। दोनों साथ में पुलिस स्टेशन पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई।आश्रम पर पुलिस की रेड:चंद्रमोहन के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत मिलते ही पुलिस ने दोनों महिलाओं को मेडिकल मुआयना करा एफआईआर दर्ज कर ली। मामले में तथ्य जुटाने के लिए राजपुर थाना इंचार्ज अशोक राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आश्रम का दौरान किया। पीडि़त महिलाओं के बयान के अनुसार उन सभी तथ्यों की पड़ताल करते हुए जांच शुरू कर दी है। बाबा आश्रम में नहीं मिले।सांसद संजीव बालियान भी आ चुके आश्रम:देहरादून के जिस आश्रम में महिलाओं ने दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं, वह मसूरी विधानसभा क्षेत्र में शेरा गांव में है। इसी वर्ष मुजफ्फरनगर के सांसद व पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान भी यहां आए थे। 14 जून को बालियान इस आश्रम में थे। उनके साथ मसूरी विधायक गणेश जोशी भी थे। इसके दो दिन बाद 17 जून को ही दूसरी महिला ने दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने आश्रम पहुंच की पूछताछपुलिस ने इस इस मामले में चंद्रमोहन के आश्रम से जानकारी जुटाई तो वहां मौजूद लोगों का कहना था कि महिलाएं और उनके परिजन क्रांतिगुरू को ब्लैकमेल कर रहे हैं। चंद्रमोहन जब भी देहरादून आते हैं, उनकी पत्नी और मां साथ होती थी। साथ ही दूसरे आरोपी कुलदीप की पत्नी भी दून के आश्रम में ही रहती है। एक महिला की बुआ के बेटे पर चंद्रमोहन ने मेरठ और मुजफ्फरनगर में एक्सटॉर्शन की एफआईआर भी कराई थी। जिसकी यूपी पुलिस जांच कर रही है।इनका कहना:महिलाओं की कंप्लेन पर सामूहिकदुष्कर्म की एफआईआर दर्ज की गई है। घटना पुरानी है, ऐसे में सभी फैक्ट्स को इनवेस्टिगेट किया जा रहा है।अरुण मोहन जोशी, एसएसपी देहरादून

Posted By: Inextlive