RANCHI : रांची में किराए के मकान में रह कर पढ़ाई कर रही एक नाबालिग छात्रा के साथ उसके दोस्त ने ही दुष्कर्म किया है। फिलहाल पुलिस ने पीडि़ता के बयान पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रांची के कोतवाली थाना में पुलिस की पूछताछ में राजेश ने खुद को बेकसूर बताया है। राजेश के अनुसार, छात्रा की सहमति से दोनों के बीच संबंध बने थे। पुलिस ने राजेश को छात्रा के बयान पर दर्ज एफआईआर के आधार पर जेल भेज दिया है।

क्या है मामला

जमशेदपुर की रहने वाली छात्रा रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में रह कर पढ़ाई कर रही थी। नाबालिग की दोस्ती उसके पड़ोस के गांव के ही रहने वाले युवक राजेश से हुई। छात्रा अक्सर राजेश से निजी कामों में मदद लेती थी। इसी बीच दीपावली के पहले जब घर जाने की बात हुई तो राजेश ने छात्रा को साथ चलने को कहा। भरोसा कर छात्रा राजेश के साथ घर के लिए निकल गई।

खड़गपुर ले जाकर किया दुष्कर्म

छात्रा के अनुसार, राजेश ने कहा कि उसका खड़गपुर में कोई काम है। काम पूरा करने के बाद वे घर जाएंगे। राजेश पर भरोसा कर छात्रा उसके साथ खड़गपुर चली गई, जहां खड़गपुर स्टेशन के पास ही उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। छात्रा के मना करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी।

कोतवाली में मामला दर्ज

रांची से निकल कर जब छात्रा घर नहीं पहुंची तब उसके पिता ने रांची के कोतवाली थाने में राजेश के खिलाफ नेम्ड मामला दर्ज करवाया। शिकायत में छात्रा के पिता ने राजेश पर आरोप लगाया था कि वह उनकी बेटी को बहला-फुसला कर ले गया है।

मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि

छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद राजेश उसे जमशेदपुर में ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं छात्रा को भी जमशेदपुर से बरामद कर लिया गया। रांची में छात्रा का मेडिकल करवाया गया है, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है।

Posted By: Inextlive