सूचियों से अपात्र लोगों के नाम हटाए जाएं

योजना का लाभ पात्र लोगों को ही मिले

आगरा। राशन कार्ड को आधार कार्ड लिंक कराना होगा। तभी आपको राशन मिल सकेगा। बगैर लिंक कराए किसी भी कीमत पर आपको राशन नहीं मिल सकेगा। इसके लिए लगातार राशन डीलर राशन कार्डधारकों से आधार कार्ड बनवाए जाने के लिए कहा जा रहा है।

नहीं मिलेगा राशन

अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अतुल सिंह ने बताया कि राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। इसके लिए तहसील स्तर पर संबंधित क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित राशन डीलरों से संपर्क कर राशन कार्डो को आधार कार्ड से लिंक कराएं, अन्यथा की स्थिति में राशन देना मुश्किल हो जाएगा, इस स्थिति से अवगत करा दिया जाए।

बनवा लिए जाएं कार्ड

जिन राशन कार्डधारकों के पास आधार कार्ड नहीं हैं वे अविलंब बनवा लें, जिससे राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक किया जा सके। अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति ने बताया है कि समय रहते हुए आधार कार्ड बनवा लें, जिससे आगे कोई पेरशानी न हो सके।

पात्रों को ही मिले लाभ

अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अतुल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा बिल का पात्रों को लाभ अनिवार्य रूप से मिलना चाहिए। अगर किसी प्रकार से अपात्र लोगों का नाम सूची में दर्ज हो गया है तो, उसे हटवा दें। सूचियों का सत्यापन करें, जिसमें से अपात्रों का नाम कटवा दिया जाए और पात्र लोगों का नाम जोड़ा जाए। जिससे इस योजना का लाभ पात्र लोगों को मिल सके। सूची के सत्यापन में अगर कोई गड़बड़ी मिल जाती है तो संबंधित क्षेत्रीय निरीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Inextlive