- टैक्स चोरी करने वालों पर नगर निगम कसेगा शिकंजा

- हर जोन में होगा सर्वे, जोनल अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी

LUCKNOW: नगर निगम की ओर से घरों में लगे मोबाइल टॉवर पर शिकंजा कसने का काम शुरू कर दिया है। पहले तो नगर निगम की ओर से हर घर का सर्वे कराकर मोबाइल टॉवरों की लिस्ट बनवाई जाएगी, इसके बाद उनकी ऊंचाई के आधार पर भवन स्वामी से टैक्स वसूल किया जाएगा।

अभी कई भवन स्वामी छूटे

निगम प्रशासन ने काफी पहले ऐसे भवन स्वामियों से ज्यादा टैक्स वसूलने की योजना बनाई थी, जिनके घरों में मोबाइल टॉवर लगे हैं। हालांकि कुछ समय बाद मामला फाइलों में सिमट कर रह गया। इसके बाद अब नए सिरे से मोबाइल टॉवरों के आधार पर शिकंजा कसने का काम शुरू हो रहा है।

जब से लगा, तब से टैक्स

जानकारी सामने आई है कि सर्वे के दौरान सबसे पहले देखा जाएगा कि घर में कब से मोबाइल टॉवर लगा है। इसके बाद यह देखा जाएगा कि भवन स्वामी कितना टैक्स दे रहा है। उस टैक्स में मोबाइल टॉवर का टैक्स शामिल है या नहीं। अगर टैक्स शामिल नहीं है तो भवन स्वामी से दोगुना टैक्स वसूला जा सकता है।

हर जोन में होगा सर्वे

मोबाइल टॉवरों की हकीकत पता लगाने के लिए हर जोन में सर्वे कराया जाएगा। जिससे एक भी घर छूटे। यह जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों को दी गई है। पूरी लिस्ट बनने के बाद अगले कदम उठाए जाएंगे।

Posted By: Inextlive