RANCHI: राजधानी में खून की कमी अब रेड क्रॉस सोसायटी दूर करेगी। इसके लिए किसी की जान नहीं जाएगी। जी हां, रांची रेड क्रॉस सोसाइटी की नई कमेटी चुनकर आ गई है और लोगों को 24 घंटे ब्लड उपलब्ध कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही कमिटी का गठन कर इसकी शुरुआत की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा नई कमिटी का गठन किया जाएगा और ऑफि स बियरर की घोषणा कर दी जाएगी। घोषणा होते ही रांची रेड क्रॉस सोसायटी एक्टिव हो जाएगी और शहर के लोगों को खून की किल्लत व कालाबाजारी से छुटकारा मिल जाएगा।

24 घंटे खुला रहेगा रेड क्रॉस सोसायटी

रांची रेड क्रॉस सोसायटी के इलेक्टेड मेंबर अतुल गेरा ने बताया कि ब्लड एक लाइफ सेविंग ड्रग्स है, इसलिए इसकी जरूरत लोगों को कभी भी हो सकती है। अभी रांची में ब्लड की स्थिति यह है कि सभी ब्लड बैंक 6 बजे शाम के बाद बंद हो जाते हैं। लोगों को जब भी ब्लड की जरूरत होती है तो उपलब्ध नहीं हो पाता है। ऐसे में रांची रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा अब 24 घंटे में कभी भी ब्लड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए 24 घंटे रेड क्रॉस में खून की उपलब्धता रहेगी।

हर दिन लगेगा कैंप

राजधानी के लोगों को आसानी से खून उपलब्ध कराने के लिए हर दिन शहर में ब्लड कैंप लगाया जाएगा। हर दिन लोगों से वॉलेंट्री ब्लड लेकर जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। अतुल गेरा ने बताया कि रेड क्रॉस की जो नई कमिटी चुनी गई है उसने तय किया है कि यहां आने वाले हर जरूरतमंद को ईजी ब्लड उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसा प्रॉसेस तैयार किया जाएगा कि रेड क्रॉस सोसाइटी में ब्लड उपलब्ध रहेगा और जरूरतमंद को तत्काल उपलब्ध हो सकेगा।

फ्री में मिलेगा ब्लड

अभी रांची के किसी भी ब्लड बैंक में ब्लड खरीदने के लिए 1200 रुपए तक चार्ज किया जाता है। लेकिन रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा फ्री में ब्लड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए रेड क्रोसाइटी की नई टीम ने काम करना शुरू कर दिया है।

जन औषधि केंद्र भी खुलेगा

अतुल गेरा ने बताया कि मोरहाबादी स्थित रेड क्रॉस सोसायटी एक प्रॉमिनेंट जगह है, जहां पर जगह की उपलब्धता भी है, और लोग आसानी से पहुंच भी सकते हैं । इसलिए बहुत जल्द रेड क्रॉस सोसाइटी में एक जन औषधि केंद्र भी खोला जाएगा। जहां लोग सस्ती दर पर दवाई खरीद सकेंगे। इस जन औषधि को चलाने के लिए जो कमिटी बनी है उसे ही कुछ लोगों को सेलेक्ट कर जन औषधि केंद्र चलाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

Posted By: Inextlive