रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) कई सुरक्षा फीचर्स से होगा लेस

आगरा। देशराज की आरसी से रामू ने श्यामू की जमानत दे दी। देशराज को इसका पता ही नहीं है। श्यामू कोर्ट में गैर हाजिर रहा। बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी हाजिर नहीं हुआ तो कोर्ट ने देशराज को नोटिस भेजा। निर्देश दिए कि श्यामू को हाजिर किया जाए। इस पर देशराज के होश उड़ गए। वह सोच में पड़ गया कि आखिर श्यामू की जमानत कब दी। हकीकत तो ये है कि देशराज की गाड़ी की आरसी का प्रयोग गलत तरीके से रामू ने किया। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। और ये भी नहीं होगा कि आपकी गाड़ी पर कोई लोन भी ले ले। रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) तेलंगाना से छपकर आएंगे, जो कि कई सुरक्षा फीचर्स से लेस होंगे।

कलर फोटोस्टेट कर दुरुपयोग

अब यूपी में भी लोग दूसरों के वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) की कलर फोटोस्टेट निकालकर उसका दुरुपयोग नहीं कर सकेंगे। नई आरसी तेलंगाना से छपकर आएंगी। इसमें कई सेफ्टी फीचर्स डाले गए हैं। इसके चलते जालसाज दूसरों की आरसी की हाई क्वालिटी कलर फोटोस्टेट करवाकर इसका दुरुपयोग नहीं कर सकेंगे। क्योंकि जैसे ही आप आरसी की फोटोस्टेट कराओगे तो उसपर पांच जगह फोटोस्टेट लिखा आएगा। जिससे हकीकत सामने आ जाएगी।

आतीं हैं शिकायतें

आरटीओ आफिस में महीने में एक-दो शिकायत इस प्रकार की आती हैं कि उनकी आरसी का दुरुपयोग हुआ है। जिसमें वाहन मालिक को पता ही नहीं होता है और उसकी गाड़ी की आरसी पर दूसरों की जमानत या बैंकों से लोन ले लिया जाता है। परिवहन विभाग के अधिकारी भी इस समस्या से परेशान हैं। उनके पास कोई जवाब नहीं होता है। लेकिन इस बार तेलंगाना की कंपनी को जो टेंडर दिया गया है, उसमें आरसी के कई सेफ्टी फीचर समाहित हैं। आरसी के रंगीन फोटोस्टेट करवाने पर उसके सुरक्षा फीचर्स के चलते उसकी कॉपी हू-ब-हू नहीं होगी। रंगीन फोटोस्टेट पर पांच जगहों पर अपने आप फोटो कॉपी लिखकर आ जाएगा। इतना ही नहीं आरसी पर छपा यूपी गवर्नमेंट का लोगो भी नहीं दिखाई देगा। इससे आरसी के दुरुपयोग पर रोक लग सकेगी।

नोट- सभी नाम काल्पनिक हैं। काल्पनिक नामों का प्रयोग उदाहरण के तौर पर प्रयोग किया गया है।

Posted By: Inextlive