- नवाबों की नगरी पहुंचे कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा

LUCKNOW: देश के जाने माने कोरियोग्राफर और अपने इशारों पर बड़े से बड़े एक्टर को नचाने वाले रेमो डिसूजा का नाम डांस की दुनिया में बड़ी अदब के साथ लिया जाता है। कभी खुद को साधन न मिलने पर माइकल जैक्सन के वीडियो देखकर डांस की शिक्षा लेने वाले रेमो कई लोगों के प्रेरणा स्त्रोत हैं। रेमो एक रियेल्टी शो के आयोजन पर शहर आये हुए थे। इस दौरान उन्होंने डांस से जुड़ी कई बातें शेयर की।

बेसिक जानकारी तो होनी चाहिए

कोरियोग्राफर व कई रियेल्टी शो के जज रह चुके रेमो डिसूजा ने रियेल्टी शो में डांस की जानकारी भी न रखने वाले लोगों के सवाल के बारे में कहा कि डांस में जज उन्ही को बनना चाहिए जो डांस के बारे में कम से कम बेसिक जानकारी रखते हो। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि ये चैनल का फैसला होता है। हम लोग इसमें कुछ नहीं कर सकते।

एबीसीडी में यकीन रखता हूं

रेमो डिसूजा ने कहा कि वो नहीं मानते कि कोई भी व्यक्ति डांस नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मैं एनी बडी केन डांस (एबीसीडी) में यकीन रखता हूं। हर इंसान डांस कर सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज के समय मे बच्चों को बहुत नॉलेज है। आज के समय में इंटरनेट और यूटयूब एक सशक्त माध्यम है।

इंटरनेशनल डांस के लेवल के बराबर हम

रेमो ने कहा कि लोग कहते हैं कि हम इंटरनेशनल डांस के लेवल पर नहीं पहुंचे, लेकिन यह गलत है। हमारे यहां डांस का लेवल बहुत बढ़ गया है। यहां पर टैलेंट की कमी नहीं है। पिछले सालों में हमारे पास बेहतरीन डांसर आये हैं। अब तो कई लोगों को मंच मिलने लगा है। जिससे लोगों में उत्साह काफी बढ़ गया है।

शहर में फिल्म शूट करने का है प्लान

कोरियोग्राफर के साथ मूवी के क्षेत्र में भी हाथ आजमाने वाले रेमो ने बताया कि वो एक डांस और एक्शन को लेकर फिल्म बना रहे है, जिसमें कई बड़े चेहरे हैं। जिसकी शूटिंग के लिए वो शहर के बारे में विचार कर रहे हैं। अगर फिल्म के हिसाब से लोकेशन मिल गई तो मैं यहां शूट करुंगा।

Posted By: Inextlive