रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इस गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना के 75 विमान भव्य फ्लाई पास्ट में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर कला कुंभ के मौके पर तैयार 75 मीटर लंबाई के 10 एलईडी स्क्राॅल लगाए जाएंगे। देश भर से चुने गए 480 डांसर्स इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।


नई दिल्ली (पीटीआई)। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस बार गणतंत्र दिवस का आयोजन ऐसे मौके पर हो रहा है जब हम आजादी के 75वें साल के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव देश भर में मना रहे हैं। रक्षा मंत्रालय ने अपने नोट में बताया कि इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाले फ्लाई पास्ट में राफेल प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके अलावा सुखोई, जगुआर, एमआई-17, सारंग, अपाचे और डकोटा भी विभिन्न फाॅर्मेशन में फ्लाई पास्ट का हिस्सा होंगे। फ्लाई पास्ट में आधुनिक विमानों के साथ विंटेज विमान भी हिस्सा लेंगे। विमानों द्वारा बनाए जाने वाले फाॅर्मेशन में मेघना, एकलव्य, त्रिशूल, तिरंगा, विजय और अमृत शामिल हैं।स्क्राॅल पर दिखेगी देश की सांस्कृति विरासत
रक्षा मंत्रालय ने अपने नोट में बताया है कि इस बार गणतंत्र दिवस के समारोह के दौरान पहली दफा 75 मीटर लंबे तथा 15 फुट ऊंचाई के स्क्राॅल लगाए जाएंगे। ये स्क्राॅल कला कुंभ के दौरान रक्षा मंत्रालय तथा संस्कृति मंत्रालय द्वारा संयुक्त तौर पर तैयार कराए गए थे। भुवनेश्वर और चंडीगढ़ में दो चरणों में स्क्राॅल पेंट किए गए थे। देश भर के 600 से ज्यादा मशहूर कलाकारों ने इसे तैयार किया था। देश भर से चुने गए कलाकार पहली बार राजपथ पर सांस्कृति कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। इनके सिलेक्शन के लिए 'वंदे भारतम' प्रतियोगिता कराया गया था। 3,870 नर्तकों में से 480 डांसरों का चुनाव किया, जो राजपथ पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

Posted By: Inextlive Desk