कछार के लिए राहत भरी खबर, बाढ़ की आशंका से मिली निजात

ALLAHABAD: कछार के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लगातार बढ़ने के बाद शुक्रवार से गंगा-यमुना का जलस्तर घटने लगा है। इससे यहां रहने वालों ने चैन की सांस ली है। जानकारी के मुताबिक दोपहर में गंगा का जलस्तर 20 और यमुना का जलस्तर 8 सेमी घटा है। बावजूद इसके तटीय इलाकों में खतरा बरकरार रहा। सिचाई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक दो से तीन दिन पानी का लेवल घटेगा और इसके बाद फिर से बढ़ सकता है।

तो कम हो जाएगी मुसीबत

अगर इसी तरह से गंगा-यमुना का जलस्तर घटता रहा तो जल्द ही स्लूज गेट खोलने में आसानी होगी। जिससे बारिश में शहर को जल भराव की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। फिलहाल शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश के बाद जल निगम को पानी निकालने के लिए पंप का सहारा लेना पड़ा। अगर स्लूज गेट खुले होते तो जल भराव की इतनी अधिक समस्या न खड़ी होती। अधिकारियों का कहना है कि शनिवार को वाटर लेवल घटने की रफ्तार बढ़ सकती है।

फिर भी नहीं निकला घरों का पानी

नदियों का जलस्तर घटने की रफ्तार इतनी कम है कि अभी भी कछार के बेली गांव, सलोरी, रसूलाबाद, दारागंज, ओम गायत्री नगर, बघाड़ा आदि इलाकों के घरों में घुसा पानी पूरी तरह बाहर नहीं निकल सका है। लोगों को पानी बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। सिचाई विभाग बाढ़ प्रखंड के अधिशासी अभियंता मनोज सिंह का कहना है कि मध्य प्रदेश और उत्तराखंड से छोड़ा जाने वाला पानी अभी रोक दिया गया है, जिसकी वजह से नदियां स्थिर होकर घटने लगी हैं। दो से तीन दिन बाद फिर से जलस्तर में वृद्धि की संभावना है।

Posted By: Inextlive