केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि दिवंगत नेता रघुवंश प्रसाद सिंह हमेशा राजद के प्रति वफादार थे लेकिन पार्टी ने उनके अंतिम दिनों में उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। इस वजह से राजद को शर्म आनी चाहिए।


नई दिल्ली (एएनआई)। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दिवंगत नेता को याद करते हुए कहा कि राजद नेता को हमेशा केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में उनके काम के लिए याद किया जाएगा वे महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के पीछे थे। इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी। इसके अलावा रघुवंश प्रसाद सिंह राजद के प्रति वफादार थे। हालांकि राष्ट्रीय जनता दल ने अपने वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के साथ उनके जीवन के अंतिम दिनों में अच्छा व्यवहार नहीं किया। राजद को इस पर शर्मिंदा होना चाहिए। रघुवंश प्रसाद सिंह का 13 सितंबर को निधन हो गया
राजद के 74 वर्षीय नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का 13 सितंबर को निधन हो गया था। उनका दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उनका इलाज चल रहा था। पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं की ओर से दुख जताया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र ने कहा था कि रघुवंश प्रसाद सिंह अब हमारे साथ नहीं हैं। उनके निधन ने बिहार के साथ-साथ देश के राजनीतिक क्षेत्र में एक शून्य छोड़ दिया है। रघुवंश प्रसाद जिस विचारधारा के साथ बड़े हुए, उसे जीने की कोशिश की। पीएम जब भाजपा संगठन कार्यकर्ता के रूप में काम करते थे तब से उन्हें करीब से जानते थे।

Posted By: Shweta Mishra