RANCHI: रोटरी रांची के कैंपस में महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के लिए पिछले चार महीने से सहेली सेंटर में सिलाई की ट्रेनिंग ले रही हैं। सेंटर की प्रोजेक्ट चेयरमैन ख्याति मुंजाल ने बताया कि महज 100 रुपए प्रतिमाह शुल्क पर इन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोटरी प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि छह महीने पूर्व सहेली सेंटर रोटरी क्लब रांची की ओर से खोला गया है। इसमें निर्धन परिवार की 35-40 महिलाएं सिलाई का ट्रेनिंग ले रही हैं, जो रोजगार से जुडे़ंगी। इन महिलाओं में जल्द से जल्द प्रशिक्षण पूरा करने की लालसा दिखती है। ज्यादातर महिलाएं गरीब परिवार से हैं, जो ट्रेनिंग लेने के बाद अपने घर-परिवार को मदद के लिए तैयार हैं। इन महिलाओं की लालसा को देखते हुए अनिता शर्मा इन्हें लेडिज व बच्चों के लिए नई-नई ड्रेस बनाने का तरीका सीखा रही हैं।

ऐसे हुई सेंटर की शुरुआत

कार्यक्रम की को-चैयरमैन खुशबू राजगढि़या एवं निशि जायसवाल ने बताया कि पूर्व के दिनों में कुछ महिलाओं ने क्लब से रोजगार में मदद के लिए संपर्क किया था। ये महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर परिवार को सपोर्ट करना चाहती थीं, लेकिन हाथ का हुनर नहीं होने की वजह से ये अपने नेक इरादों में कामयाब नहीं हो पा रही थीं। इसी कड़ी में रोटरी सहेली केंद्र खोलकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य जोर-शोर से किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive