-मानसून से एक दिन पहले हुई बारिश से मौसम हुआ खुशगवार

-तापमान में आई गिरावट, 36 से 29 डिग्री पर पहुंचा पारा

आखिरकार लोगों को भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से निजात मिल ही गई। मानसून से एक दिन पहले ही शुरू हुई बारिश से शहर का मौसम खुशगवार हो गया। सोमवार रात से चली तेज हवाओं ने सुबह होते होते मौसम का मिजाज ही बदल गया। मंगलवार की शाम हुई बारिश से जहां लोगों के चेहरे खिल उठे। वहीं काफी दिनों बाद बेहद खुशनुमा हुए मौसम का लुफ्त उठाने के लिए लोग देर शाम पार्क और गंगा घाट की ओर निकल पड़े। कोई घाट की सीढि़यों पर बैठकर गंगा आरती देखते हुए तो कोई नौका विहार कर ठंडी हवाओं का आनंद लेते दिखाई दिया।

चार दिन तेज बारिश के आसार

हल्की बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान में छह डिग्री की कमी आई है। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं सोमवार को घटकर 36.6 हो गया। जबकि मंगलवार को यह 29.4 पहुंच गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक तेज बारिश के आसार हैं। मानसून बिहार को पार करता हुआ झारखंड तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक का के अनुसार बुधवार से मानसून शुरू हो रहा है। इस दिन भी बारिश होने के आसार हैं।

लिया मौसम का मजा

मौसम के खुशनुमा होने की आहट सोमवार की रात से ही हो गई थी। सोमवार की रात हवा की रफ्तार बढ़ गई थी। जिसके बाद आकाश में काले बादल भी छा गए। मंगलवार को भोर से कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। जिसके चलते सुबह में हवाएं भी ठंड हो गई। आकाश में बादल भी घेरे रहे। ऐसा लग रहा था कि दोपहर तक तेज बारिश होगी। लेकिन दोपहर तक सूर्य देव फिर निकल आए इससे उमस बढ़ गई। लेकिन शाम होते-होते आकाश में फिर काले बादल छा गए। ठंडी हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। बदले मौसम का आनंद लेने के लिए लोग गंगा किनारे घाटों पर, माल में, घर की बालकनी, छत और पार्को में नजर आए।

आज से मानसून शुरू हो जाएगा। इससे पहले ही उसने अपने आने की दस्तक दे दी है। 30 जून तक मौसम बेहद खुशनुमा बना रहेगा। आज से तेज बारिश शुरू हो जाएगी।

एसएन पांडेय, मौसम विज्ञानी

Posted By: Inextlive