भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बाइक का बहुत शौक है। उनके पास दोपहिया वाहनों का पूरा शो रूम है। यह हम नहीं उनकी पत्नी साक्षी धोनी बताती हैं।


कानपुर। भारत के पूर्व कप्तान और मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी बाइक के पीछे कितने दीवाने हैं यह हम सभी जानते हैं। क्रिकेट के मैदान से लेकर सड़क तक माही को बहुत बार बाइक चलाते देखा गया है। यही नहीं अपने नए घर में तो धोनी ने पूरा बाइक का म्यूजियम बना रखा है। उनकी पत्नी साक्षी ने हाल ही में अपने अफिशल इंस्टाग्राम अकाउंट पर धोनी की गाड़ियों की तस्वीरें शेयर की हैं। जिसे देख उनके प्रशंसक काफी एक्साइटेड हो रहे हैं।


साक्षी ने अपनी इंस्टाग्राम अकाउंट पर धोनी की बाइक्स को शेयर करते हुए लिखा, 'इस लड़के को अपने खिलौने से बहुत प्यार है।' साक्षी का इशारा साफ था कि उनके पति माही बाइक के कितने दीवाने हैं। यही वजह है कि अपने नए 7 एकड़ के घर में उन्होंने ढेर सारे दोपहिया वाहन खरीद कर खड़े किए हैं। हालांकि वह सभी बाइक्स चला तो नहीं पाते होंगे लेकिन उनकी बाइक के प्रति दीवानगी उन्हें यहां खींच लाती है।

आपको बता दें पिछले साल मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली ने धोनी की बेटी जीवा के साथ एक वीडियो अपने अफिशल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। वैसे तो यह वीडियो जीवा और कोहली की मजेदार बातों को लेकर चर्चा में रहा था। मगर माही के फैंस ने कोहली के पीछे दिख रहीं धोनी की बाइकों को सुर्खियों में ला दिया था। जी हां उस वीडियो में धोनी के घर में खड़ी तमाम बाइकें दिख रही थीं।इस समय माही के पास भले ही बाइकों का अंबार लगा हो मगर एक समय था उनके पास सिर्फ एक बाइक थी, वो भी राजदूत। धोनी ने साल 2013 में अपने टि्वटर अकाउंट पर पहली बाइक की तस्वीर फैंस के साथ शेयर की थी। काले रंग की राजदूत बाइक आज भी उनके पास है।

 

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari