- शिवरात्रि पर सुबह से ही मंदिरों में उमड़ने लगी थी भक्तों की भीड़

- मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लगी रही लंबी लाइन

ALLAHABAD: देवों के देव महादेव और मां आदि शक्ति के मिलन के पावन पर्व महाशिवरात्रि पर संगम नगरी में शिव के जयकारों की गूंज रही। शिवालयों में जन सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने भगवान शिव का दूध से अभिषेक कर पूजा अर्चना किया। मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन के सबसे लंबी लाइन लगी। सोमवार को शिवरात्रि पड़ने की वजह से मंदिरों में ज्यादा भीड़ जुटी।

दिन भर चला रूद्राभिषेक का दौर

शिवरात्रि के अवसर पर शहर के तमाम इलाकों में मौजूदशिवालायों में भी दिन भर रूद्रभिषेक का दौर चला। लोगों ने दूध और गंगा जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। इस दौरान तक्षकेश्वर तीर्थ, नागवासुकी मंदिर, सिविल लाइंस हनुमत निकेतन मंदिर, पडि़ला महादेव मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में शिव भक्तों की लंबी कतार शाम तक लगी रही। रात्रि में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया। मनकामेश्वर समेत अन्य कई मंदिरों में भगवान शिव का चांदी के आभूषणों के साथ ही बेहद खूबसूरत अंदाज में फूलों से श्रृंगार किया गया।

सभी बने बाराती

शिवरात्रि के अवसर पर शहर में विभिन्न धार्मिक संस्थाओं की ओर से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। लोकनाथ मिलन संघ की ओर से रजत जयंती वर्ष पर निकाली गई भव्य शिव बारात में सैकड़ों की संख्या में शिव भक्त शामिल हुए। बारात में विशेष रूप से स्वांग, घोड़े, ऊठ, बैड पार्टी, सपेरे व भगवान शिव के दूत के रूप में तैयार कलाकार बाराती के रूप में शामिल हुए। बारात में सबसे अधिक आकर्षण का केन्द्र भगवान शिव और उनके साथ चल रहे ब्रम्हा, विष्णु, नारद, यमराज व नंदी बैल रहे।

यहां से निकली बारात

शिव बारात निर्धारित मार्ग बाबा लोकनाथ महादेव मंदिर से शुरू होकर चौक, बहादुरगंज, राम भवन चौराहा, मुट्ठीगंज, आर्य कन्या डिग्री कालेज रोड कोठापार्चा, चन्द्र लोक सिनेमा से सीधे जीरोरोड, लाल डिग्गी, जवाहर स्कवायर, रानी मंडी, अतरसुइया होते हुए मालवीय नगर स्थित बाबा पूर्णेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर पहुंची। जहां पर रीति रिवाज के साथ भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह हुआ।

शोभा यात्रा में उमड़े लोग

शिव शक्ति सेना की ओर से शिवरात्रि के अवसर पर अखाड़ा त्रिशूल नंदी दर्शन शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। डीआरएम आफिस के पीछे स्थित रेलवे कालोनी के कमौरी महादेव मंदिर से शोभा यात्रा की शुरुआत हुई। जो जानसेनगंज चौराहा से होते हुए विवेकानंद मार्ग होते हुए राम मंदिर पहुंची। जहां भगवान की आरती पूजा के पश्चात शोभायात्रा शहर के अन्य एरिया से होते हुए जीरो रोड स्थित वैष्णव मंदिर पर समाप्त हुई।

भक्तों से गुलजार रहे ये मंदिर

-तक्षकेश्वर तीर्थ, नागवासुकी मंदिर, -सिविल लाइंस हनुमत निकेतन मंदिर, - पडि़ला महादेव मंदिर, फाफामऊ

- मनकामेश्वर मंदिर, भोले गिरी मंदिर

- कोटेश्वर नाथ महादेव मंदिर, शिवकुटी

दारागंज में भी रही गूंज

दारागंज में श्री शिव बारात शोभा यात्रा समिति की ओर से भी शिव बारात का आयोजन किया गया। इसके साथ ही कटरा व शिव संतोषी माता मंदिर समिति सत्ती चौरा की ओर से भी भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्तों का हुजूम शामिल हुआ।

Posted By: Inextlive