East Singhbhum: अब ईस्ट सिंहभूम की किशोरियों को सेनेटरी पैड आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। निश्चिय संस्था ने ईस्ट सिंहभूम के पोटका, बोड़ाम, पटमदा, जमशेदपुर, मुसाबनी व घाटशिला के 50 सरकारी स्कूलों में पैड बैंक खोलने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को इसकी शुरुआत पोटका के टांगराइन स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय व साकची स्थित जमशेदपुर बालिका उच्च विद्यालय से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय रोजगार प्रोग्राम की निदेशक रंजना मिश्रा, विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी के स्पेशल ऑफिसर संजय पांडे, सिविल सर्जन डॉ। महेश्वर प्रसाद उपस्थित थे। रंजना मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे किशोरियां स्वस्थ तो होगी हीं महिलाएं स्वालंबी भी बनेगी। पैड का निर्माण गांव की महिलाएं ही करेंगी। इससे उनको रोजगार मिलेगा और जीवन संवरने का काम करेगा।


छात्राएं चलाएगी बैंक

निश्चय संस्था के सचिव तरूण कुमार ने बताया कि पैड बैंक खोलने के लिए उनकी टीम पिछले एक साल से लगी हुई है। उन्होंने बताया कि फिल्म पैडमैन से उन्हें काफी सहयोग मिला है। इस फिल्म को देखने के बाद लोगों का नजरिया बदला है। उनकी संस्था भी ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए एक शॉर्ट फिल्म 'द बेस्ट गिफ्ट' का निर्माण किया है। तरूण कुमार ने बताया कि उनके दिमाग में जब पैड बैंक खोलने की जिज्ञासा जागी, तो उन्होंने सोशल मीडिया व जिले के करीब 40 स्कूलों का सहयोग लिया। इसके माध्यम से देशभर से पांच हजार सेनेटरी पैड संग्रह किये है। इसी पैड को बैंक में रखा जा रहा है। इस बैंकों में हर महीने 100 पैड होंगे। स्कूल में शिक्षक की मदद से दो छात्राएं इस बैंक को चलाएगी।


सोच बदलने की जरूरत

निश्चय संस्था की पहली वर्षगांठ पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शहर के डॉक्टर, व्यवसायी, समाजसेवी सहित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मौके पर आयोजित पैनल डिस्कशन शहर की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ। अंजु बाजोरिया ने कहा कि हर किशोरी को मासिक धर्म के दौरान सेनेटरी पैड का ही इस्तेमाल करना चाहिए। दूसरे चीजों का इस्तेमाल करने से संक्रमण के साथ-साथ अन्य बीमारियां होने की आशंका बढ़ जाती है। वहीं डॉ। जया मोइत्रा ने कहा कि मासिक धर्म के प्रति पूरे समाज को अपनी सोच बदलने की जरूरत है। इस मौके पर मोतीलाल पब्लिक स्कूल की प्राचार्य आशु तिवारी, करीम सिटी मास कम्यूनिकेशन विभाग की निधा जकारिया सहित अन्य स्कूल व कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Posted By: Inextlive