PATNA: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के तेज तर्रार और युवा सांसद डा। संजय जायसवाल को बिहार भाजपा की कमान सौंप दी है। डा.जायसवाल पश्चिमी चम्पारण से 2009 से लगातार तीसरी बार लोकसभा के सदस्य है। उनके पिता डा.मदन जायसवाल भी पश्चिमी चम्पारण से ही सांसद रह चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने अमित शाह के निर्देश पर डा.संजय जायसवाल को तत्काल प्रभाव से बिहार भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की है। जायसवाल निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय की टीम में भी प्रदेश उपाध्यक्ष थे। नित्यानंद राय के केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बनाए जाने और संगठन चुनाव शुरू होने के साथ ही प्रदेश का नेतृत्व किसी अन्य व्यक्ति को सौंपे जाने की चर्चाओं पर इस घोषणा से अब विराम लग गया।

डॉ जायसवाल को अध्यक्ष बनने पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और युवा भाजपा नेता अर्जित शाश्वत चौबे ने बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बिहार भाजपा नई बुलंदियों को छुएगा। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मनीष तिवारी, शिक्षा मंच के पूर्व प्रदेश सह संयोजक शंभूनाथ पांडेय और वेद प्रकाश ने भी बधाई दी।

Posted By: Inextlive