-खेतों की सिंचाई करने निकले किसान को उतारा मौत के घाट

-परिवार में कलह के चलते गांव में आत्महत्या को लेकर चर्चा

Sardhna। गुरुवार देर रात नवादा गांव में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसान रात में अपने खेतों की सिंचाई करने के लिए घर से निकला था। सुबह को नवादा-कालंदी संपर्क मार्ग पर सड़क किनारे खून से लथपथ उसका शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतक के भाई की ओर से थाने में अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

खेतों की सिंचाई करने गया था

नवादा निवासी 33 वर्षीय विक्रम पुत्र अंतरपाल गांव में अपनी मां सुनीता व बडे़ भाई लक्ष्मण के साथ रहता है। दोनों भाईयों के हिस्से में सात बीघा भूमि है, जिस पर विक्रम खेती करता था। गुरुवार देर रात करीब साढे़ 9 बजे विक्रम खेत पर सिंचाई करने जाने की बात कहकर घर से निकला। रात में किसी ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह करीब छह बजे गांव के लोग जंगल की तरफ गए तो उन्हें नवादा-कालंदी संपर्क मार्ग पर सड़क किनारे विक्रम का खून से लथपथ शव पड़ा दिखा। सूचना लगते ही गांव में सनसनी फैल गई।

कनपटी पर मारी गई गोली

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी सुधीर कुमार के अनुसार विक्रम की हत्या कनपटी पर गोली मारकर की गई है। पुलिस ने उसके परिजनों के आने पर शव का पंचनामा भरा और उसे पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से इस घटना से संबंध में जानकारी जुटाई और जांच में जुट गई। उधर मृतक के बडे़ भाई लक्ष्मण ने थाने में अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

विक्रम ने की आत्महत्या

मृतक विक्रम की मां सुनीता से पुलिस पूछताछ में जो बताया उसे सुनकर सभी हैरान है। उसने बताया कि विक्रम घर से झगड़ा करके निकला था। जाते समय उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। सुनीता के अनुसार उसकी हत्या नहीं हुई उसने तो खुद आत्महत्या की है। अब यह हत्या है या आत्महत्या यह तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

Posted By: Inextlive