देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोविड-19 केस को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने लोगों से एक बार फिर मास्क पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की तरह ही मास्क को लेकर विचार करें।


नई दिल्ली (एएनआई)। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के केस 80 लाख पार हो चुके हैं। देश की राजधानी दिल्ली में भी कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को नागरिकों से अपील की कि जब तक कोविड-19 वैक्सीन नहीं आ जाती है तब तक फेस मास्क पहनने में लापरवाही न करें। वैक्सीन की तरह ही मास्क को लेकर विचार करें। आने वाले आगामी त्योहारी सीजन में बहुत ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है। अगर 100 फीसदी लोग मास्क पहनते हैं, तो कोविड​-19 संक्रमण को कुछ हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। मास्क पहनने के फायदे उतने ही हैं जितने लॉकडाउन के हैं।मास्क को ही टीका माना जाना चाहिए
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि जब तक कोई टीका नहीं है तब तक मास्क को ही टीका माना जाना चाहिए। मास्क पहनने से लोगों को वायु प्रदूषण से बचाने में भी मदद मिलेगी। कोविड-19 रोगियों के लिए अस्पताल के बिस्तर की उपलब्धता के बारे में सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली के लगभग 35 प्रतिशत बेड पर कब्जा है। हम बिस्तरों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं लेकिन उच्च न्यायालय ने इसकी अनुमति नहीं दी। हमने निजी अस्पतालों में 80 प्रतिशत बेड कोविड-19 रोगियों के लिए आरक्षित करने के लिए कहा है। इस मामले पर अदालत में चर्चा हो रही है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 27 मौतें और 5,739 नए मामले दर्ज किए गए हैं। 80 लाख से अधिक संक्रमित हो चुकेदेश में कोरोना वायरस से अब तक 80 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अपडेट किए गए नए मामलों में 48,648 नए केस दर्ज हुए हैं। अब तक 80,88,851 लोग इस वायरस की चपेट में आ गए हैं। वहीं देश में कोविड-19 की वजह से बीते 24 घंटे में 563 नई माैतें हुईं है। इस तरह से अब तक कोरोना वायरस से हुई माैतों की संख्या 1,21,090 पहुंच गई है। हालांकि इस समय देश में रिकवरी रेट काफी तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में रिकवरी रेट 91 प्रतिशत पार कर गया और डेथ रेट 1.50 प्रतिशत हो गया है। अब तक 73,73,375 लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं।

Posted By: Shweta Mishra