कैंट के वार्डो को आरक्षित करने के लिए शनिवार को हुई बैठक

महिला और एससी सदस्य के लिए रिजर्व हुए वार्ड

Meerut। कैंट एरिया के वार्डो को आरक्षित करने के लिए शनिवार को कैंट बोर्ड में विशेष बैठक हुई। बैठक में वार्ड संख्या सात को अनुसूचित जाति सदस्य के लिए आरक्षित करने के प्रस्ताव पर स्वीकृत दे दी गई। अगले साल फरवरी में होने वाले चुनाव में वार्ड 7 एससी-अनुसूचित जाति के सदस्य के लिए रिजर्व वार्ड होगा। बोर्ड बैठक में 2011 की जनगणना के आधार पर इस बार भी वार्ड को आरक्षित किया गया है। इसके साथ ही वार्ड एक, दो और छह सामान्य वार्ड होंगे। जबकि कैंट के 8 वार्डो में से तीन महिला सदस्यों के लिए आरक्षित किए जाएंगे।

लॉटरी से होगा आरक्षण

फरवरी माह में होने वाले कैंट बोर्ड के चुनाव के लिए वार्डो के आरक्षण की प्रक्रिया चल रही है इसके तहत शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसके तहत 10 दिसंबर को कैंट बोर्ड की बैठक होगी। जिसमें तीन महिला वार्ड को आरक्षित करने के लिए लॉटरी निकलेगी। इसके आधार पर महिला वार्ड का चयन होगा। फिलहाल कैंट बोर्ड के आठ वार्ड में एक, दो और छह महिला वार्ड हैं। जो कि अब सामान्य हो गए हैं। इस बार इन वार्ड को छोड़कर वार्ड तीन, चार, पांच और आठ में से तीन महिला वार्ड चुने जाएंगे।

29 हजार वोटर डालेंगे वोट

वर्ष 2015 के चुनाव में 2011 की जनगणना के आधार पर ही वार्ड को आरक्षित किया गया था। इस बार भी जनगणना के आधार पर ही वार्ड आरक्षित किए जा रहे हैं। कैंट बोर्ड परिषद का वर्ष 2015 में जब चुनाव हुआ तो उस समय आठ वार्ड में मतदाताओं की कुल संख्या 63 हजार थी। इस बार परिषद ने मतदाता सूची से झुग्गियों के वोट को काट दिया है। अब सभी आठ वार्ड से कुल 29 हजार तीन सौ आठ मतदाता रह गए हैं। जो 2020 में छावनी परिषद के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

4 रुपए किलो बेचेगा खाद

इसके अलावा शनिवार को कैंट बोर्ड के फाइनेंस कमेटी की बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने समेत पेड़ पौधों के कूडे़ और गोबर को मिलाकर वर्मी कंपोस्ट बनाने पर चर्चा की गई। कैंट बोर्ड परिसर में वर्मी कंपोस्ट के माध्यम से कैंट बोर्ड कर्मचारियों ने करीब 60 कुंटल खाद तैयार किया है। बोर्ड ने इस खाद को 4 रुपए किलो के हिसाब से बेचने का निर्णय लिया है। कैंट बोर्ड के ग्रीन कूड़ें को इस विधि से कंपोस्ट कर बिक्री किया जाएगा।

Posted By: Inextlive