- हिमाचल प्रदेश के लोक भारती स्कूल के हैं छात्र

- आगरा से 21 किमी। दूर यमुना एक्सप्रेस-वे पर पलटी बस

आगरा। यमुना एक्सप्रेस-वे शुक्रवार सुबह को दर्दनाक हादसे से दहल गया। स्कूल टूर की बस का टायर फटने से पलट गई। इसमें स्कूली बच्चों समेत 37 लोगों को गंभीर चोटें आईं। इन्हें आगरा के कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई। घटना में दो के हाथ और एक का पैर कट गया। बच्चों में हेड इंजरी, फ्रेक्चर ज्यादा है।

कंट्रोल की कोशिश नाकाम

हिमाचल प्रदेश, जिला मंडी के कोटली में आलोक भारती विद्यालय संचालित है। स्कूल से 105 बच्चों का दल टीचर्स के साथ दो बसों में तीन दिवसीय टूर गुरुवार को निकला। बस नंबर यूपी-17-एटी-1881 में 52 छात्र, 6 टीचर, टूर आर्गनाइजर समेत अन्य स्टाफ सवार थे। बस चंडीगढ़, दिल्ली होते हुए आगरा के लिए रवाना हुई। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आगरा से 21 किमी। दूर यमुना एक्सप्रेस-वे झरना नाला पुलिस के पास बस का अगला टायर फट गया। ड्राइवर ने नियंत्रण की कोशिश की, लेकिन बस बायीं ओर पलट गई और 5 मीटर तक खिसकती चली गई।

कई बच्चों की हालत गंभीर

अचानक हादसे से चीख-पुकार निकल गई। बच्चों को बचाने के लिए आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। आगे जा रही दूसरी स्कूल बस को फोन करके सूचना दी गई। वे भी मौके पर मौके पर पहुंच गए। सभी स्कूली बच्चों और अन्य स्टाफ को लोगों की मदद से बस से बाहर निकाला गया और एक रोडवेज बस की मदद से हॉस्पिटल में भेजा गया। इसमें कई बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के दौरान अधिकांश बच्चे सो रहे थे। बस ड्राइवर हरीश शर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई।

27 बच्चों को आई चोटें

बस में 52 छात्र, 6 टीचर समेत बस स्टाफ सवार था। बस पलटने से 27 बच्चों को गंभीर चोटें गई। इसमें हेड इनजरी, हाथ-पैर फ्रेक्चर और चेहरे में स्किन की दिक्कतें हैं। इसके साथ ही 10 अन्य स्टाफ को चोटें लगीं।

सभी बच्चे सो रहे थे

बस गुरुवार रात 12 बजे चंडीगढ़ से निकली। दिल्ली रूकी और उसके बाद आगे के लिए रवाना हुई। थकान से चूर घटना के समय सभी बच्चे सो रहे थे। बस पलटने के बाद चीख-पुकार मचने लगी।

Posted By: Inextlive