-चार अगस्त को डीएम ने 12वीं तक के स्कूलों को किया बंद

-लगातार बारिश होने से गंगा में फिर आया उफान

ALLAHABAD: झमाझम बारिश ने पढ़ाई पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी और जलभराव के चलते डीएम ने स्कूलों की छुट्टी एक दिन और बढ़ा दी है। शनिवार को जिले के 12वीं तक के सभी स्कूल बंद किए जाने के आदेश प्रशासन ने जारी कर दिए हैं। वहीं, गंगा लगातार उफान पर हैं। पिछले 24 घंटे से उनका बढ़ने का क्रम जारी है।

अब सोमवार को खुलेंगे स्कूल

शुक्रवार को डीएम ने 8वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया था जिसे बढ़ाकर शनिवार को 12वीं क्लास तक कर दिया गया है। प्रशासन ने इस आदेश का कड़ाई से पालन कराने के आदेश दिए हैं। बता दें कि मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में जोरदार बारिश के आसार जताए हैं। जिसके चलते गुरुवार की देर रात और शुक्रवार की दोपहर झमाझम बारिश होती रही। इसके चलते शहर के कइ्र इलाकों में जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। यही कारण है कि डीएम ने छुट्टी का आदेश बढ़ा दिया और स्कूल अब सीधे सोमवार से खुलेंगे।

आने लगा बांध का पानी, उफनाई गंगा

उधर, गंगा में उफान जारी है। पिछले चौबीस घंटे में नदी में 34 सेमी बढ़ोतरी हुई है जबकि गुरुवार को यह महज 17 सेमी दर्ज की गई थी। इस तरह से गंगा 79 मीटर का आंकड़ा पार कर गई हैं। राहत का सबब ये रहा कि यमुना में ठहराव हो गया है। ऐसे में निचले इलाके के लोग फिलहाल राहत की सांस ले सकते हैं। आपदा राहत सेल का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिन तक गंगा में उफान जारी रहेगा। इसके पीछे गंगा बैराज से छोड़ा गया पानी है। इसके आने से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यमुना में दस सेमी की गिरावट दर्ज की गई है।

फैक्ट फाइल

गंगा का जलस्तर- 79.19 मीटर

यमुना का जलस्तर- 77.87 मीटर

गंगा में बढ़ोतरी- 24 सेमी

खतरे का निशान- 84.73 मीटर

यमुना के जलस्तर में गिरावट- 10 सेमी

मौसम विभाग की भविष्यवाणी और जलभराव को देखते हुए शनिवार को 12वीं तक के स्कूलों को बंद करा दिया गया है। आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

-सुहास एलवाई, डीएम

Posted By: Inextlive