>RANCHI: झारखंड विधानसभा चुनाव के सबसे अहम दूसरे चरण का मतदान कल होगा। इस दिन दो पूर्व मुख्यमंत्री, एक उप-मुख्यमंत्री, तीन मंत्रियों सहित छह पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला होगा। सर्वाधिक और सभी नक्सल प्रभावित सीटों पर होने वाले इस इलेक्शन में झारखंड के कई दिग्गज नेताओं के परिवार की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।

 

दो एक्स सीएम का होगा इम्तिहान

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के लिए दूसरे चरण का चुनाव काफी अहम है। क्योंकि इस चरण में उन सीटों पर भी मतदान होना है, जहां से ये दोनों प्रत्याशी हैं। अर्जुन मुंडा खरसावां सीट से मैदान में तो मधु कोड़ा मंझगाव सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों नेताओं पर अपनी सीट जीतने के साथ ही अपनी पार्टी के बाकी उम्मीदवारों की भी नैया पार लगाने की जिम्मेदारी है। झारखंड की राजनीति में ये दोनों नेता दिग्गज हैं। एक तरफ जहां अर्जुन मुंडा राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं, वहीं निर्दलीय मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी मधु कोड़ा के नाम दर्ज है। ऐसे में इस चरण के चुनाव में जनता के बीच किसकी पकड़ कितनी मजबूत और कितनी कमजोर हुई है, इसका भी फैसला होगा। जो उनके आने वाले पॉलिटिकल करियर की दिशा भी तय करेगा। अर्जुन मुंडा जहां खरसावां सीट से विधायक हैं, वहीं मधु कोड़ा चाईबासा से सासंद और इसी क्षेत्र के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रह चुके हैं.

 

तीन मंत्रियों को फिर मिलेगी जीत या हार

झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री गीताश्री उरांव और बन्ना गुप्ता के भाग्य का फैसला भी दूसरे चरण के चुनाव में ही होना है। गीताश्री उरांव जहां सिसई सीट से चुनाव लड़ रही हैं, वहीं बन्ना गुप्ता जमशेदपुर पश्चिमी से प्रत्याशी हैं। जेएमएम नेता और झारखंड सरकार में शामिल मंत्री चंपई सोरेन भी इसी चरण में जनता की अदालत में हैं। सरायकेला सीट से वह जेएमएम प्रत्याशी हैं।

Posted By: Inextlive