- केंद्रीय विवि में आउटसोर्स के जरिये 16 दिन पहले हुई थी नियुक्ति

SRINAGAR GARHWAL: हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में आउटसोर्स पर कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड ने खुद को गोली मार ली। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना का असल कारण अभी सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कारणों से तनाव में होने के कारण गार्ड ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट

सुसाइड करने वाला पूर्व फौजी हरीश चंद्र मैठाणी (38) मूल रूप से रुद्रप्रयाग जिले के मक्कूमठ का निवासी था। इसी महीने दस तारीख को उसने आउटसोर्स के माध्यम से विवि में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी ज्वाइन की थी। श्रीनगर में वह शक्ति विहार में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। फ्राइडे सुबह करीब 11 बजे वह अपने कमरे से लगभग दो सौ मीटर दूर सुनसान स्थल पर गया। उसके पास अपनी लाइसेंसी बंदूक थी, जहां उसने खुद पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह बेसुध होकर वहीं गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे 108 एंबुलेंस के जरिये बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पेट में गोली लगी थी। पुलिस के अनुसार गार्ड के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सूचना पर परिजन श्रीनगर पहुंच गए हैं। मृतक के भाई नवीन मैठाणी ने पुलिस को बताया कि 2007 में उसकी शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। पत्‍‌नी के साथ उसकी अनबन चल रही थी, इसीलिए वह कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। आशंका जताई जा रही कि पारिवारिक तनाव की वजह से सिक्योरिटी गार्ड ने यह कदम उठाया होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Posted By: Inextlive