RANCHI : राजधानी के लोगों को अब अपने घरों में ही अलग-अलग कचरा रखना होगा। वहीं अलग कचरा नहीं करने पर आपके घरों से वेस्ट कलेक्शन नहीं किया जाएगा। इसे लेकर नगर निगम तैयारी कर रहा है, जिसके तहत घरों से ही सूखे और गीले कचरे को अलग कर लिया जाएगा। इसे लेकर पहले भी आदेश जारी किया जा चुका है। अब इसे सख्ती से सिटी में लागू कराने को लेकर नगर निगम रेस हो गया है। बताते चलें कि डोर टू डोर कलेक्शन के तहत हर घर को कवर करने का भी टारगेट है।

घरों में दो डस्टबिन अनिवार्य

घरों से कचरा कलेक्ट कर उसका सेग्रीगेशन करना नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। चूंकि सिटी में कई ऐसे लोग भी हैं जो बिना कचरा अलग किए ही कूड़े वाली गाडि़यों में डाल देते हैं। इसलिए घरों में दो डस्टबिन रखना भी अनिवार्य किया जा रहा है। इसमें गीला कचरा के लिए हरा डस्टबिन और सूखा कचरा के लिए नीला डस्टबिन रखना होगा। इससे नगर निगम के सफाई कर्मी अलग-अलग वेस्ट कलेक्ट कर ले जाएंगे, जिससे कि वेस्ट डिस्पोजल में ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

निकालेंगे रीसाइकिल होने वाली चीजें

नगर निगम क्षेत्र में चार वेस्ट सेग्रीगेशन स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां से वार्डो में कलेक्ट किए गए कचरे को सेग्रीगेट किया जाएगा। उसमें से गीले कचरे को डंपिंग यार्ड भेज दिया जाएगा। जबकि रीसाइकिल होने वाले सूखे कचरे को स्टेशन में ही अलग कर लिया जाएगा। इसके अलावा बाकी सूखे कचरे को स्क्रैप वालों को बेच दिया जाएगा।

सिटी में हैं 1.80 लाख होल्डिंग धारी

सिटी में एक लाख 80 हजार से अधिक होल्डिंग धारी हैं, जिसमें घरों के अलावा दुकानदार और संस्थान भी शामिल हैं। ऐसे में हर जगह से कचरा निकलता है। यह देखते हुए 15 वार्ड पर एक स्टेशन बनाने का निर्णय लिया गया है, जहां पर सफाई कर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये लोग वार्डो से आने वाले कचरे को सेग्रीगेट करेंगे।

वर्जन

वेस्ट सेग्रीगेशन होने से डिस्पोजल करने में दिक्कत नहीं आएगी। वहीं रीसाइकिल वाली चीजें जब अलग हो जाएंगी तो उसको दोबारा से नई चीजें बनाकर यूज किया जा सकेगा। हर किसी को इस बारे में सोचने की जरूरत है। रीड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल के फार्मूले को अपने घरों से ही शुरू करना होगा। इससे घरों से वेस्ट कम निकलेगा। इसका फायदा रांची नगर निगम को भी मिलेगा।

-संदीप कुमार, सिटी मैनेजर, आरएमसी

Posted By: Inextlive