छुट्टी में भी खुला ऑफिस, लेकिन नहीं पहुंचे लोग

सर्वर जाने पर लोगों ने किया हंगामा

आगरा। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आरटीओ आफिस पहुंचे आवेदकों को सर्वर ने धोखा दे दिया। करीब डेढ़ घंटे तक सर्वर ने काम नहीं किया। इस दौरान लोगों ने हंगामा भी कर दिया। उन्हें समझाया गया कि सर्वर नहीं आने के कारण कार्य में देरी हो रही है। थोड़ी देर इंतजार करने के आश्वासन के बाद ही मामला शांत हो सका। देर शाम तक लाइन लगीं रहीं।

इसलिए भी थी भीड़

गुरुवार को गुरु गोविंद सिंह जयंती की छुट्टी थी। बावजूद इसके स्वयं आरआई ने लाइसेंस संभाग खोले जाने की सूचना दी थी। क्योंकि पहले से ही स्लॉट आवंटित कर दिए गए थे। इसी उद्देश्य से कार्यालय को खोलने का निर्णय लिया गया था। लेकिन अधिकांश लोग नहीं पहुंचे। इसका असर ये रहा कि शुक्रवार को भीड़ काफी हो गई। क्योंकि जिन लोगों को शुक्रवार को स्लॉट आवंटित किया गया था वे लोग भी पहुंचे हुए थे और वे लोग भी पहुंच गए थे, जिन्हें एक दिन पहले का स्लॉट आवंटित किया गया था। इस वजह से आरटीओ आफिस के ड्राइविंग लाइसेंस संभाग में काफी भीड़ जुट गई। इसी बीच सर्वर भी धोखा दे गया। काफी देर तक लोगों ने इंतजार किया। इसके बाद फिर से कार्य शुरू हुआ। लेकिन इस बीच लोगों ने हंगामा भी किया। उन्हें समझाते हुए शांत कराया गया।

परेशानी को देखते हुए दिया मौका

आरआई सुधीर कुमार वर्मा का कहना है कि जिन लोगों को गुरुवार का स्लॉट आवंटित किया गया था, उन्हें कायदे से दिए गए समय पर ही पहुंचना था, लेकिन जानकारी के अभाव में और छुट्टी होने के कारण वे लोग नहीं पहुंच सके। जबकि छुट्टी के दिन कार्यालय को अलॉट स्लॉट के कारण ही खोला गया था।

आज दिया जाएगा मौका

जिन लोगों को शुक्रवार को स्लॉट आवंटित था, उनका सर्वर और वर्क लोड के कारण टेस्ट और बायोमेट्रिक नहीं हो सका है, उन्हें शनिवार (आज) का मौका दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive