पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी आज अपना 41वां बर्थडे मना रहे हैं। दुनिया भर के फैंस पाकिस्तान के 'लाला' को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे। मगर शाहिद की असल उम्र क्या है यह किसी को नहीं पता। अफरीदी का कहना है कि वह 44 साल के हैं जबकि रिकाॅर्ड में उनकी उम्र 41 साल है।

नई दिल्ली (एएनआई)। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं और उन्होंने प्रशंसकों को शुभकामनाएं भेजने के लिए टि्वटर पर धन्यवाद दिया।हालांकि, अफरीदी के एक साधारण ट्वीट ने उनकी उम्र के बारे में और अधिक भ्रम पैदा कर दिया है जो हमेशा क्रिकेट की दुनिया में बहस का एक बड़ा बिंदु रहा है। अफरीदी ने सोमवार को ट्वीट किया, "सभी को जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए बहुत बहुत धन्यवाद! आज 44 साल का हो गया। मेरा परिवार और मेरे प्रशंसक मेरी सबसे बड़ी संपत्ति हैं। वास्तव में मुल्तान के साथ मेरे कार्यकाल का आनंद ले रहे हैं।'

आईसीसी रिकाॅर्ड बुक में 41 साल के
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, अफरीदी का जन्म 1 मार्च, 1980 को हुआ था, ऐसे में अफिशयली उनकी उम्र 41 साल हुई। मगर अफरीदी खुद को 44 का बता रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब अफरीदी अपनी उम्र के बारे में बात कर रहे हैं। 2019 में अफरीदी ने खुलासा किया था कि जब 1998 में उन्होंने करियर की शुरुआत की तब वह 16 साल के नहीं बल्कि 19 साल के थे। रिकॉर्ड बुक के अनुसार, अफरीदी ने श्रीलंका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाया था, जब वह सिर्फ 16 साल के थे। मगर उनके दावे इस रिकाॅर्ड को गलत बताते हैं।

Thank you very much for all the lovely birthday wishes - 44 today! My family and my fans are my biggest assets. Really enjoying my stint with Multan and hope to produce match winning performances for all MS fans.

— Shahid Afridi (@SAfridiOfficial) February 28, 2021

पहले कर चुके हैं 46 साल की उम्र का दावा
अफरीदी ने 'गेम चेंजर' शीर्षक से अपनी आत्मकथा में लिखा था, "मैं उस वक्त उन्नीस साल का था। वे दावा करते हैं कि मैं 1975 में पैदा हुआ था। हां, अधिकारियों ने मेरी उम्र को गलत बताया।" अब अगर 1975 में पैदा होने का अफरीदी का दावा सही है, तो इससे उसकी उम्र 46 हो जाती है, इसलिए यह कहना कि वह केवल 44 साल के हैं, इससे भी भ्रम पैदा होता है।

ऐसा रहा है करियर
अफरीदी ने 2017 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने 2010 में खेल के सबसे लंबे प्रारूप से रिटायरमेंट की घोषणा की थी और 2015 में वह वनडे से रिटायर हुए। पाकिस्तान का पूर्व कप्तान 2009 में टी 20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा था। टूर्नामेंट ब्रिटेन में खेला गया था और पाकिस्तान ने श्रीलंका को फाइनल में हराया था। अफरीदी को पूरे टी 20 विश्व कप में उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari