निजी स्कूल-कॉलेजों को बताया नास्तिकों की फैक्ट्री

पाठ्यक्रम में अध्यात्म के महत्व को बताएं से सुधरेगा समाज

अयोध्या में कंबोडिया जैसा राममंदिर बनाएंगे संत

Meerut : भाजपा, राम और हिंदुत्व के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन सत्तासीन होते ही सब भूल गई। भाजपा फिरकापरस्त है। सत्ता में आने से पहले भाजपा 'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे', सत्ता पाने के बाद 'रामलला हम आएंगे, मंदिर कहीं बनाएंगे' और अब कहते हैं 'रामलला हम आएंगे, मंदिर नहीं बनाएंगे'। रविवार को जगदगुरु द्वारिका व ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने ये बातें कहीं। सम्राट पैलेस स्थित राजराजेश्वरी मंदिर में उन्होंने पत्रकार वार्ता की।

भाजपा पर साधा निशाना

स्वरूपानंद सरस्वती ने कहा कि भारत सबसे बड़ा मांस निर्यातक देश बन गया है, गौ हत्या हो रही है, लेकिन भाजपा कुछ नहीं कर रही। नई पीढ़ी में संस्कारों का लोप हो रहा है, जिससे वे पथभ्रष्ट हो रहे हैं और अपराध भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांई, मुसलमान थे, उन्हें मंदिरों में बिठा दिया गया। मानव पूजा, वैदिक धर्म में मना है। सांई पुराण, सांई कथा आदि के जरिए सनातन धर्म को तोड़ा जा रहा है। अगर इसे समय रहते नहीं सुधारा तो आने वाली पीढ़ी सांई को भगवान मानने लगेगी। शनि शिंगणापुर, उज्जैन के ˜यंबकेश्वर आदि मंदिरों में महिलाओं के पूजा करने के सवाल पर कहा कि कुछ लोग अपने हिसाब से धर्म की व्याख्या कर रहे हैं। बद्रीनाथ, केदारनाथ, जगन्नाथ रथयात्रा आदि में सभी जुटते हैं। किसी से जाति, धर्म या लिंग नहीं पूछा जाता।

संस्कृति से दूर हिंदू

उन्होंने कहा कि हिंदू समाज अपनी सभ्यता और संस्कृति से दूर हो रहा है। जहां मुस्लिम लोग मदरसों में बच्चों को पढ़ाकर कुरान की शिक्षा दिला रहे हैं तो वहीं ईसाई अपने मिशनरी स्कूलों में बाइबिल का ज्ञान दे रहे हैं। जबकि हिंदू रामायण, गीता से दूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंगे्रजी शासनकाल में रामायण, गीता पाठ्यक्रम में पढ़ाई जाती थीं। अब भी इन्हें कोर्स में शामिल किया जाना चाहिए। जगदगुरु ने कहा कि मुसलमानों की बढ़ती आबादी का हवाला देकर भाजपा के कुछ नेता हिंदुओं से 10 बच्चे पैदा करने की बात कह रहे हैं। जबकि कश्मीर में पंडितों और पंजाबियों को अधिकार मिलें तो आबादी बढ़ाने की जरूरत नहीं।

नास्तिकों की फैक्ट्री हैं स्कूल

उन्होंने कन्हैया के प्रकरण पर कहा कि आज के स्कूल-कॉलेज नास्तिकों की फैक्ट्री बन गए हैं। वे बोले, अयोध्या में राम मंदिर संत समाज बनाएगा। हाईकोर्ट ने पक्ष में फैसला दिया है, सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई होगी। निर्णय आने के बाद संत समाज अयोध्या में राम जन्मभूमि पर ही राम मंदिर का निर्माण कराएगा। कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर जैसा भव्य मंदिर का निर्माण संत समाज कराएगा।

Posted By: Inextlive