- मोरहाबादी स्थित आवास में परिजनों और कार्यकर्ताओं के बीच शिबू सोरेन ने मनाया जन्मदिन

- सीएम हेमंत सोरेन ने दी शुभकामनाएं, राज्य के विकास का दिया भरोसा

- सीएम ने बाबूलाल मरांडी को भी जन्मदिन की शुभकामनाएं

रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह झामुमो के सुप्रीमो शिबू सोरेन ने शनिवार का अपना जन्मदिन मनाया। शिबू अब 76 वर्ष के हो गए हैं। मोरहाबादी स्थित अपने आवास में पार्टी के कार्यकताओं और परिजनों के बीच उन्होंने केक काटा। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें केक खिलाया। उन्होंने अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि आपके अथक परिश्रम, बलिदान एवं संघर्ष के कारण ही आज झारखंड का सपना साकार हुआ है। आपके सपनों का झारखंड बनाने के लिए मैं अपना सर्वस्व लगा दूंगा।

दी शुभकामनाएं

सीएम ने अपने संदेश में कहा कि झारखंड अलग राज्य दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिशोम गुरु और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को नमन करते हुए उन्हें उनके जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। बतौर मुख्यमंत्री यह विश्वास दिलाता हूं कि उनके सपनों के झारखंड का निर्माण हम करेंगे। कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जल, जंगल, जमीन, आदिवासियों, पिछड़ों, वंचितों, दलितों और झारखंड वासियों के कल्याण के लिए और उनकी समृद्धि के लिए हमेशा अपनी आवाज बुलंद की। इसी के परिणाम स्वरूप हमें झारखंड अलग राज्य के रूप में मिला। उन्होंने कहा कि झारखंड के सतत विकास में उनका मार्गदर्शन मुझे प्राप्त होता रहेगा। जिस उद्देश्य से झारखंड अलग राज्य की स्थापना हुई, उस उद्देश्य को अवश्य पा सकेंगे। सोरेन ने कहा कि समस्त झारखंड वासियों की ओर से उनके बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना भी करता हूं।

केक खिलाकर दी बधाई

सीएम हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन, विधायक सीता सोरेन व परिवार के अन्य सदस्यों ने शिबू सोरेन को केक खिलाकर जन्मदिन की बधाई दी। जन्मदिन के कार्यक्रम में झामुमो के कई कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने शिबू सोरेन को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वस्थ व लंबी आयु की कामना की। इधर, मुख्यमंत्री ने झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को भी उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल राज्य के वरीय नेता हैं। उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं। उनके मार्गदर्शन से हमें अपने लक्ष्य को हासिल करने में सहयोग मिलेगा।

Posted By: Inextlive