-सावन के तीसरे सोमवार पर मंदिरों में उमड़ा कांवडि़यों का रेला

-सुबह से देर शाम तक कांवडि़यों ने शिवालयों में पहुंचकर किया जलाभिषेक

बरेली: खाले बाजरे की रोटी मेरे भोले भंडारी चल कांवडि़यां, चल कांवड़ उठा जैसे भगवान भोले के गीतों से नाथ नगरी पूरी तरह से भक्ति मय हो गई। सावन के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवडि़यों की भीड़ रही। मंदिरों में सुबह चार बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान पूरा बदायूं रोड केसरिया रंग से रंगा नजर आया।

लगी रही लाइनें

शहर के धोपेश्वरनाथ मंदिर, श्री त्रवटीनाथ मंदिर, बाबा वनखंडीनाथ मंदिर, बाबा अलखनाथ मंदिर समेत सभी शिव मंदिरों में संडे शाम से गंगा जल लेकर कांवडि़यों के जत्थे पहुंचने लगे। मंडे को मंदिरों के कपाट खुलने के साथ ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। शाम तक मंदिरों में कांवडि़यों के जत्थे पहुंचते रहे। जलाभिषे करने के लिए लोगों को लाइन में लगकर अपनी बारी का इतजार करना पड़ा।

मुस्तैद रही फोर्स

सावन के तीसरे सोमवार पर मंदिरों में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के चलते अफसरों ने पहले ही पूरी तैयारी कर ली थी। सभी मुख्य मंदिरों में पुलिस के साथ ही पीएसी और आरएएफ के जवानों तैनात रहे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए मंदिरों में महिला पुलिस भी तैनात रही। इसके अलावा अधिकारी भी शहर में पेट्रोलिंग करते रहे।

शोभायात्रा निकालकर किया रुद्राभिषेक

नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति शोभायात्रा निकालकर बाबा वनखंडी नाथ मंदिर में रुद्राभिषेक किया। इसके बाद शिवभक्तों ने नाग पूजन भी संपन्न किया। सुबह सात बजे श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर पर शिवभक्त एकत्र हुए। यहां गणेश स्तुति और हनुमान चालीसा के बाद शोभायात्रा शुरू हुई। शिवभक्त अपने वाहनों पर सवार होकर भोले के जयकारे लगाते हुए रवाना हुए। जगह-जगह शिवभक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान बृजवासी लाल, मनोज देवल, राधिका शर्मा, राम स्नेही, पंकज देवल आदि शामिल रहे।

जगह-जगह लगे भंडारे

कांवडि़या सेवा दल समिति द्वारा रामगंगा पर कांवडि़यों की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। इसके अलावा शहर में कांवड़ यात्रा के रूट पर जगह-जगह भंडारे लगाए गए।

कांवडि़यों का किया स्वागत

यूथ पॉवर वेलफेयर समिति की जिला कार्यकारिणी द्वारा श्यामगंज चौराहा पुलिस चौकी के सामने कांवडि़यों का स्वागत किया गया और उन्हें फलाहार का वितरण किया गया। इस दौरान सचिन सक्सेना, गौरव सक्सेना, बंटी ठाकुर, अंकुर किशोर, रामकृष्ण शुक्ला, रचित जौहरी आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive