RANCHI: जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने हटिया इलाके के एक घर में छापेमारी कर सम्राट गिरोह के शूटर राजकुमार प्रसाद उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल व कारतूस भी जब्त किया है। जगन्नाथपुर थानेदार नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को पब्लिक ने सूचना दी थी कि हटिया बाजार चौक पर एक शूटर घूम रहा है। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और आरोपी को दबोच लिया गया। उसने अपना नाम राजकुमार प्रसाद उर्फ राजू बताया है।

एक साल से है सम्राट गिरोह में

बताया जाता है कि राजकुमार प्रसाद उर्फ राजू एक साल से सम्राट गिरोह से जुड़ा हुआ है। पूर्व में वह पीएलएफआई के साथ भी जुड़ा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि राजू हटिया इलाके में किराए के मकान में रहता था और रांची से ही कर्रा इलाके में सम्राट गिरोह के सुप्रीमो जयनाथ साहू के इशारे पर व्यवसायियों से लेवी वसूलने का काम करता था। उसने बताया कि वह पूर्व में कर्रा पुलिस द्वारा जेल भी भेजा जा चुका है।

कर्रा व लापुंग में है सम्राट गिरोह का आतंक

सम्राट गिरोह का सरगना जयनाथ साहू है। इस गिरोह में कर्रा, लापुंग समेत अन्य जगहों के कई शूटर शामिल हैं। जयनाथ साहू अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

पीएलएफआई व सम्राट गिरोह में है दुश्मनी

रांची के लापुंग, कर्रा आदि में वर्चस्व को लेकर हमेशा पीएलएफआई और सम्राट गिरोह के शूटर टकराते रहते हैं। कई बार दोनों गिरोह में भिड़ंत भी हो चुकी है। इसमें दोनों ओर से कई लोग ढेर भी हो चुके हैं।

कब-कब गिरफ्तार हुए सम्राट गिरोह के शूटर

21 अगस्त, 2015: खूंटी पुलिस ने सम्राट गिरोह के शूटर वरुण गुप्ता को गोविंदपुर से गिरफ्तार किया था। उस पर कर्रा में रफीक मियां को गोली मारकर जख्मी करने का आरोप था।

5 अगस्त, 2015: खूंटी पुलिस ने रांची के कमड़े से सम्राट गिरोह के करण नायक को गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी पर गिरोह के एरिया कमांडर प्रदीप साहू ने झारखंड बंद का एलान किया था।

15 अप्रैल, 2013: लापुंग पुलिस ने सम्राट गिरोह के सरगना जयनाथ साहू के शूटर राजू साहू, मंगल लोहरा, हरखू साहू, संतू साहू व आंगन वर्मा को गिरफ्तार किया था। इनके पास से चार एकनाली बंदूक, चार पिस्तौल, 93 कारतूस, मोबाइल व विंडोलिया भी बरामद हुआ था।

Posted By: Inextlive