RANCHI: चुनावी गहमा-गहमी व बढ़ी सुरक्षा चौकसी के बावजूद राजधानी के पॉश इलाके में सरेशाम एक एडवोकेट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक से आए शूटर अपना काम कर आराम से निकल गए। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तड़प रहे व्यक्ति को आनन-फानन में रिम्स में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सर्वोदय नगर निवासी एडवोकेट रामप्रवेश सिंह के रूप में की गई है।

जमीन विवाद की आ रही बात

बताया जा रहा है कि क्रिमिनल्स ने जमीन विवाद में हमला किया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में पुलिस ने अभी कुछ भी बताने से इन्कार किया है। वहीं, पॉश इलाके में हत्या की इस घटना से पुलिस-प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, रामप्रवेश सिंह पेशे से एडवोकेट थे। सर्वोदय नगर में ही उनकी एक जमीन का लंबे समय से छोटू लकड़ा नामक युवक से विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले उसी जमीन पर मारपीट भी हुई थी। उसी जमीन के विवाद से जोड़कर हत्या की घटना को देखा जा रहा है। बता दें कि राजधानी रांची में जमीन विवाद में आए दिन हत्याएं होती रहती हैं। पुलिस की सुस्ती से अपराधियों के हौसले दिनों दिन बढ़ते ही जा रहे हैं।

Posted By: Inextlive