- पॉलीथिन यूज करने वालों पर निगम लेगा कड़ा एक्शन

- हर जोन में चलेगा अभियान, रोज होगी कार्रवाई

LUCKNOW: एक तरफ जहां नगर निगम की ओर से पॉलीथिन के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ निगम प्रशासन की ओर से ऐसे दुकानदारों और वेंडर्स पर भी शिकंजा कसा जाएगा, जो चोरी छिपे ढंग से पॉलीथिन का यूज करते हैं। निगम प्रशासन की ओर से इन सभी पर एक्शन लेने के लिए अलग से रणनीति बनाई गई है।

दुकानदार किए जाएंगे ब्लैक लिस्टेड

निगम प्रशासन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि अगर किसी भी दुकानदार के यहां से प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलती है तो दुकान के मालिक पर स्पॉट फाइन तो किया जाएगा। साथ में अलग से लिस्ट बनाकर दुकानदार के नाम को ब्लैक लिस्टेड भी किया जाएगा, जिससे भविष्य में भी उस पर आसानी से नजर रखी जा सके। निगम प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिस दुकानदार को ब्लैक लिस्टेड किया जाता है, अगर उसके द्वारा निगम से जुड़ी कोई भी शिकायत दर्ज कराई जाती है तो उस पर तत्काल एक्शन नहीं लिया जाएगा बल्कि दुकानदार को इंतजार कराया जाएगा। जिससे उसे अहसास हो कि पॉलीथिन रखकर उसने नियम विरुद्ध कार्य किया है।

नहीं देंगे रजिस्ट्रेशन कार्ड

अगर कोई वेंडर सड़क किनारे या नाली में प्रतिबंधित पॉलीथिन फेंकता मिलता है तो उसके खिलाफ भी ठोस एक्शन लिया जाएगा। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई वेंडर प्रतिबंधित पॉलीथिन फेंकने के आरोप में पकड़ा जाता है तो उसे रजिस्ट्रेशन कार्ड नहीं दिया जाएगा। अगर किसी वेंडर ने रजिस्ट्रेशन कार्ड के लिए आवेदन किया है तो उसे निरस्त भी किया जा सकता है।

हर रोज चलेगा अभियान

निगम प्रशासन ने तय किया है कि पॉलीथिन के खिलाफ रोज अभियान चलाया जाएगा, जिससे पॉलीथिन रखने वालों पर शिकंजा कसा जा सके। यह अभियान हर जोन में चलेगा।

मार्केट एरिया में फोकस

पॉलीथिन को लेकर चल रहे अभियान में मार्केट एरिया में खासा फोकस किया जा रहा है। इसके साथ ही सब्जी मंडी व फल मंडी में भी नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा। इसकी वजह यह है कि यहां पर पॉलीथिन का यूज धड़ल्ले से होता है। निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि रोजाना हर जोन में स्पॉट फाइन भी किया जाएगा, जिसकी समीक्षा नगर आयुक्त लेवल पर की जाएगी।

वर्जन

अगर कोई वेंडर सड़क या कहीं भी प्रतिबंधित पॉलीथिन फेंकता है तो उसे वेंडिंग रजिस्ट्रेशन कार्ड नहीं दिया जाएगा।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive