- सुबह छह से एक बजे तक होगी थोक की आवक

- दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक फुटकर विक्रेता कर सकेंगे खरीद

आगरा। सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी में संख्या अधिक न हो और शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए अब समय परिवर्तन किया गया है। थोक व्यापारियों की आवक के लिए मंडी सुबह छह से दोपहर एक बजे तक खुलेगी। वहीं फुटकर विक्रेताओं के लिए मंडी दोपहर दो बजे से लेकर शाम छह बजे तक खुलेगी। ये नियम रविवार से प्रभावी रहेगा।

शनिवार को मंडी को अस्थाई रूप से बंद किया गया और सिर्फ आवक होने दी गई। वहीं फुटकर विक्रेताओं को रविवार से निर्धारित समय अनुसार आने की जानकारी देकर वापस कर दिया गया। अभी तक मंडी देरशाम से लेकर सुबह आठ बजे तक संचालित होती थी। बसई मंडी सहित दूसरी छोटी मंडियों के बंद होने से सभी जगह के विक्रेता, क्रेता सिकंदरा मंडी का रुख कर रहे हैं। दबाव को कम करने के लिए मंडी परिषद ने बरौली अहीर मंडी का संचालन भी गुरुवार से शुरू कर दिया है। मंडी सचिव शिव कुमार राघव ने बताया कि सभी की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बदलाव किया गया है। संक्रमण से बचाव के लिए मंडी का संचालन शारीरिक दूरी का पालन करते हुए कराया जाएगा।

Posted By: Inextlive