शंकरगढ़ में किसान अशोक सिंह हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

डॉग स्क्वॉड ने घटना के दिन ही दामाद त्रिभुवन पर जताया था शक

ALLAHABAD: बीते दिनों शंकरगढ़ के नारी बारी गांव में किसान अशोक सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार अशोक सिंह की हत्या उनके दामाद त्रिभुवन ने की थी। पुलिस के अनुसार त्रिभुवन अपनी साली को दूसरी बीवी बनाना चाहता था, जिसके लिए अशोक सिंह राजी नहीं थे। इसके बाद त्रिभुवन ने योजना बनाकर ससुर की फावड़े से हत्या कर दी। गौरतलब हो की डॉग स्क्वॉड ने घटना के दिन ही दामाद पर शक जताया था, लेकिन सबूत के अभाव में पुलिस उस पर हाथ नहीं डाल पाई थी।

गुनाह कबूल किया

पुलिस लाइंस सभागार में शुक्रवार को एसपी यमुनापार अशोक राय ने बताया कि त्रिभुवन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि त्रिभुवन नारायण सिंह का विवाह सात साल पहले अशोक सिंह की बड़ी बेटी सीता से हुआ। इसके बाद त्रिभुवन की अशोक के घर में आवाजाही शुरू हुई। कई बार ससुराल आने के दौरान उसका साली रीता से नजदीकी संबंध हो गया। दोनों एक-दूसरे के इतने करीब आ गए कि शादी का इरादा बना लिया। इसके बाद जब त्रिभुवन ने रीता को अपनी दूसरी बीवी बनाने का इरादा जाहिर किया तो अशोक भड़क गए और उसे खरीखोटी सुनाई।

बनाई ससुर को मारने की योजना

अशोक की ओर से खरीखोटी सुनाए जाने से त्रिभुवन ने उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बना ली। योजना के तहत वह आठ जुलाई को ससुराल पहुंचा और बहाने से सास ऊषा देवी को अपने गांव भेज दिया। इसके बाद रात में अशोक और त्रिभुवन ने एक साथ खाना खाया।

फावड़े से वार कर की हत्या

खाना खाने के बाद अशोक टयूबवेल पर सोने चले गए। रात में त्रिभुवन भी वहीं पहुंच गया। सुबह जब अशोक गहरी नींद में थे तभी त्रिभुवन उठा और पास में रखे फावड़े से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में त्रिभुवन ने गुनाह कबूल कर लिया है। अशोक की बेटी रीता ने भी बताया है कि उसे त्रिभुवन ने घटना के बारे में बताते हुए धमकी दी थी कि यदि यह बात उसने किसी को बताई तो उसकी भी हत्या कर देगा। इसलिए वह चुप थी।

Posted By: Inextlive