-गांव सहारा में वर्तमान प्रधान द्वारा कराया जा रहा था विकास कार्य

-पूर्व प्रधान पर लाठी, लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

आगरा। फतेहपुर सीकरी रोड स्थित गांव सहारा में सोमवार को प्रधानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। फायरिंग, लोहे की रॉड से हुए हमले में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फायरिंग से घायल का एसएन इमरजेंसी में उपचार चल रहा है।

घटना थाना मलपुरा क्षेत्र की है। गांव साहरा निवासी रविन्द्र उर्फ गुड्डू वर्तमान प्रधान है। रविन्द्र का आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपने पिता और भाई के साथ जेसीबी से सफाई कार्य करा रहे थे, इसी दौरान पूर्व प्रधान पक्ष ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया, जिसमें प्रधान रविन्द्र और उनके पिता दिलीप भाई थान सिंह घायल हो गए।

जमीन पर कब्जे का लगाया आरोप

प्रधान रविन्द्र द्वारा पूर्व प्रधान पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। सुबह रविन्द्र पक्ष द्वारा खाली प्लॉट में कचरा डालने का कार्य किया जा रहा था, जिसका पूर्व प्रधान वसुदेव द्वारा विरोध किया गया। रविन्द्र का कहना है कि वसुदेव पर जमीन कब्जा का मामला कोर्ट में विचाराधीन है, जिसमें एसडीम को तलब किया जाना है।

पूर्व प्रधान के चाचा को लगी गोली

सहारा में पूर्व प्रधान और वर्तमान प्रधान की रंजिश में गोली चलने से पूर्व प्रधान के चाचा साहब सिंह घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें इमरजेंसी रेफर कर दिया गया। पूर्व प्रधान वसुदेव ने बताया कि रविन्द्र पर आधादर्जन से अधिक मुकदमे चल रहे हैं। सोमवार को वह चाचा साहब सिंह के खेत में कब्जा करने की नीयत से मिट्टी डाल रहा था। विरोध करने पर रविन्द्र पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसमें साहब सिंह और उनका बेटा जीतू, बॉबी, टिन्कू पुत्र बल्देव घायल हो गए। सभी का इलाज चल रहा है।

Posted By: Inextlive