-तीन प्रवासी भी मिले संक्रमित

-संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 152

प्रवासी श्रमिकों के आगमन ने कोरोना की रफ्तार बढ़ा दी है। सोमवार को छह नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें ट्रैफिक पुलिस का कांस्टेबल, स्वास्थ्य कर्मी, टेलर मास्टर और तीन प्रवासी श्रमिक शामिल हैं। अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 152 पहुंच गई है। डीडीयू अस्पताल से एक कोरोना पॉजिटिव मरीज का फॉलोअप सैंपल नेगेटिव आने के कारण उसे स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया गया। इसके साथ ही 18 मरीज अन्य जिलों के भी सेहतमंद होकर हॉस्पिटल से घर गए।

तीन प्रवासी मिले संक्रमित

सीएमओ डॉ। वीबी सिंह के अनुसार सोमवार को बीएचयू लैब से 224 सैंपल के परिणाम प्राप्त हुए। 216 प्रणाम नेगेटिव और 8 पॉजिटिव पाए गए। 8 में से 6 मरीज वाराणसी, 1 जौनपुर और 1 करनाल हरियाणा का है। वाराणसी में पाए गए 6 मरीजों में 3 प्रवासी हैं, जो मुंबई से आए हुए हैं। पहला मरीज ग्राम बिहड़ा थाना मिर्जामुराद का रहने वाला 24 वर्षीय युवक है, जो मुंबई से पिकअप पर सवार होकर वाराणसी आया था। यह मुंबई में एमआर था। दूसरा 1 वर्षीय बच्चा ग्राम सिसवा थाना कपसेठी का रहने वाला है, जो अपने माता-पिता के साथ मुंबई से ट्रक पर सवार होकर वाराणसी आया था। इसका पिता मुंबई में ड्राइवर है। तीसरा बैंककर्मी 29 वर्षीय मरीज का संबंध ग्राम छोटी गुगली थाना चोलापुर से है, जो बस पर सवार होकर मुंबई से वाराणसी आया था। इसके अलावा चौथा मरीज ट्रैफिक पुलिस में कांस्टेबल है। यह मरीज मानसिक अस्पताल पांडेपुर के पीछे गायत्री नगर कॉलोनी (धोबी घाट) थाना कैंट में एक किराए के मकान पर रहता है। पांचवा मरीज 43 वर्षीय ग्राम परसरा थाना फूलपुर का रहने वाला है, लेकिन यह यमुना नगर कॉलोनी तरना में रहता है, जो स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट है। छठा मरीज 40 वर्षीय लेन-6 निराला नगर थाना सिगरा का निवासी है, जो गैलेक्सी हॉस्पिटल के सामने गंगोत्री बुटीक में सिलाई का काम करता है।

एक्टिव मरीज हैं 65

सीएमओ के अनुसार सोमवार को डीडीयू अस्पताल में भर्ती 19 कोरोना पॉजिटिव मरीज के फॉलोअप सैंपल का परिणाम नेगेटिव आया। उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया गया, लेकिन इसमें वाराणसी का सिर्फ एक मरीज है। बाकी 18 अन्य जनपद के रहने वाले हैं। वाराणसी के इस मरीज का संबंध प्रतापपुर हॉटस्पॉट से है, जो मुंबई से वापस आया था। सोमवार को कुल 117 सैंपल लिए गए हैं। अब तक 4804 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें 4463 का परिणाम प्राप्त हो चुका है, जबकि 341 परिणाम आना अभी बाकी है। परिणामों में 4311 नेगेटिव और 152 पॉजिटिव है। इस प्रकार जनपद में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या 152 हो गई है। 83 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 65 है।

छह नये हॉट स्पॉट

सीएमओ ने बताया कि नए मिले संक्रमित छह मरीज के चलते मरीजों से संबंधित एरिया को हॉट स्पॉट घोषित किया गया। इसमें ग्राम बिहड़ा थाना मिर्जामुराद, ग्राम सिसवा थाना कपसेठी, ग्राम छोटी गुगली थाना चोलापुर, निराला नगर थाना सिगरा, यमुना विहार कॉलोनी तरना थाना शिवपुर एवं गायत्री नगर कॉलोनी(धोबी घाट) थाना कैंट शामिल है। अब जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 78 हो गई है, जिसमें 22 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 56 है, इसमें 6 ओरेंज जोन और 50 रेड जोन में हैं।

Posted By: Inextlive