-भाजयुमो जिला संयोजक अकेला पड़ा सपाइयों पर भारी

-मौके पर मौजूद होमगार्ड और सिपाही बने रहे मूक दर्शक

-सूचना पर एसओ के पहुंचने से पहले ही सपाई खिसक गये

Mawana : मेरठ-पौड़ी मार्ग स्थित सुभाष चौक पर शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई। जब सपा पूर्व प्रदेश सचिव कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक रहे थे। इतने में ही पहुंचे भाजयुमो जिला संयोजक ने पुतला छीन लिया। मामले की नजाकत भांपते हुए कार्यकर्ताओं से पहले ही पूर्व प्रदेश सचिव चुपचाप कार में बैठ कर खिसक लिए। जबकि पहले से मौजूद होमगार्ड और सिपाही मूक दर्शक बने रहे। सूचना पर एसओ दौड़े और भीड़ को हटाया।

छीन लिया पुतला

बढ़ती मंहगाई और रेल किराया वृद्धि के विरोध में सपाई प्रदेशभर में नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार शाम सपा के पूर्व प्रदेश सचिव बिजेंद्र उर्फ पप्पू कुछ कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर सुभाष चौक पहुंचे। पुतला को आग के हवाले करने ही वाले थे कि अचानक पहुंचे भाजयुमो जिला संयोजक निपुण चौहान ने उनसे पुतला छीन लिया और उसे तोड़ दिया। इसे देख पूर्व सचिव चुपचाप गाड़ी में बैठ कर खिसक गये।

इन्होंने कहा

केंद्र सरकार के गठन के बाद से ही बराबर महंगाई में वृद्धि हो रही है। रेल किराया आज तक कभी इतना ज्यादा नहीं बढ़ा। इसी के विरोध में प्रधानमंत्री का सुभाष चौक पर पुतला फूंका गया।

बिजेंद्र उर्फ पप्पू

पूर्व प्रदेश सचिव सपा

पता चला था कि सपा के कुछ लोग प्रधानमंत्री का पुतला फूंक रहे हैं। इसी सूचना पर पहुंचा और वहा खडे़ पुलिस कर्मियों से इस बावत बात की, मगर वे अलग चले गये। पुतले को आग के हवाले करने से पूर्व ही उनसे पुतला छीन लिया।

निपुण चौहान

भाजयुमो जिला संयोजक

मवाना

फिलहाल प्रदेश कार्यकारिणी भंग है। वर्तमान में बिजेंद्र उर्फ पप्पू पर कोई पद नहीं है। पूर्व सचिव कहा जा सकता है। उनके संज्ञान में नहीं है कि उन्होंने पुतला फूंका या नहीं।

-प्रभु दयाल वाल्मिकी

विधायक, हस्तिनापुर

Posted By: Inextlive