- मौजूदा समय में करीब 1400 लोग जुड़े हैं संस्था से

- व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से पहुंचते है मददगार

आगरा। आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी की जान बचा सकता है। इस स्लोगन को साबित करती है, शहर की जीवनरक्षक संस्था। महज इच्छाशक्ति के चलते शुरू किया गया ग्रुप आज सिटी के साथ-साथ देश भर में लोगों को ब्लड डोनेट कर उनकी जान की रक्षा कर रहा है। थैलीसीमिया के करीब 25 बच्चों को इस सोसाइटी ने गोद लिया है। व्हाट्सएप और सोशल मीडिया से सूचना मिलते ही मददगार के पास जीवनरक्षक का सदस्य पहुंच जाता है। आज शहर में ही करीब 1400 सदस्य सक्रिय हैं, जो लोगों की निस्वार्थ मदद कर रहे हैं।

2008 में बनाया था ग्रुप

ग्रुप के संचालक रघुवीर सिंह ने बताया कि साल 2008 में समाज सेवा के लिए ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप में शहर के कई युवा जुड़े हैं। जब लोगों में जागरूकता बढ़ी, तो 1400 सदस्य इसके हिस्सा बन गए। जो बिना किसी स्वार्थ के लोगों की मदद के लिए अग्रणी रहते हैं।

गंभीर मरीज के लिए मददगार

मथुरा की बेबी पत्नी चंद्रपाल जो कैंसर से पीडि़त थीं। मरीज को एबी निगेटिव की चार यूनिट होल ब्लड की जरूरत थी। संस्था को चिकित्सकों द्वारा जानकारी दी गई, इसके बाद उन्हें देर रात को ही चार यूनिट होल ब्लड उपलब्ध कराया गया।

व्हाट्सएप पर बना है ग्रुप

जीवनरक्षक ग्रुप व्हाट्सएप पर सक्रिय है। संचालक रघुवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने ब्लड की डिमांड आने पर एक वेरीफिकेशन कराया जाता है। जिसमें मरीज का नाम, बीमारी, ब्लड ग्रुप, हॉस्पिटल का नाम जहां मरीज एडमिट है और पेशेंट के साथ तीमारदार का नाम। सदस्य वेरीफिकेशन के बाद पहुंच जाते हैं। जिन मरीजों के पास ब्लड रिटर्न करने के लिए नहीं होता है, उनकी तत्काल मदद की जाती है। करीब डेढ़ लाख सदस्य पूरे देश में हैं।

फेसबुक पर पेज, व्हाट्सएप पर ग्रुप

फेसबुक पेज जीवनरक्षक द लाइफ सेवर सोसाइटी के नाम से बनाए पेज पर ब्लड की डिमांड आते ही सदस्य सक्रिय हो जाते हैं। वहीं शहर की विभिन्न चिकित्सकीय संस्थाओं में संस्था के सदस्यों के मोबाइल नंबर चिकित्सकों के पास उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर जरूरतमंद मरीजों की तत्काल मदद की जाती है।

इन नंबरों पर करें कॉल

जीवन रक्षक संस्था के सदस्य पीयूष तायाल ने बताया कि वे चाहते हैं कि लोगों में ब्लड डोनेशन को लेकर जागरूकता की कमी है। हालांकि जब मरीज को निस्वार्थ ब्लड मुहैया कराया जाता है, तो तीमारदार एक बार ब्लड डोनेट के लिए मन बना लेते हैं। जरूरतमंद मरीज के तीमारदार 8171177111, 8755345212 और 9837585087 पर कॉल कर सकते हैं।

Posted By: Inextlive