-स्टाम्प कोर्ट में सुनवाई के दौरान नगर निगम ने दिया जवाब

BAREILLY: सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शिफ्टिंग में स्टाम्प चोरी के मामले में नगर निगम खुद को लगातार सही ठहराने में जुटा है। थर्सडे नगर निगम ने सहायक आयुक्त स्टाम्प की कोर्ट में जवाब दाखिल कर दिया है। नगर निगम ने अपने जवाब में फरीदपुर के सब रजिस्ट्रार को जिम्मेदार ठहरा दिया है। अब 25 जुलाई को कोर्ट में बहस होगी और उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम पर 23 जमीन की रजिस्ट्री में करीब साढ़े 6 लाख के स्टाम्प चोरी के अलग-अलग वाद दायर किए गए हैं। सभी की सुनवाई एक साथ हो रही है।

दो बार भेजा गया थ्ा नोटिस

प्लांट शिफ्टिंग के लिए बहगुलपुर जागीर में नगर निगम में किसानों से जमीन खरीदी थी। इसकी फरीदपुर सब रजिस्ट्रार ऑफिस से 23 रजिस्ट्री कराई गई हैं। नगर निगम ने जमीन को राज्यपाल के नाम से खरीदने का खेल कर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नगर निगम आरके सोनकर को क्रेता बनाया था। जिसके लिए नियमों का उल्लंघन किया गया और पूर्व डीएम की अनुमति का एक लेटर भी आधार बनाया गया। नगर निगम ने राज्यपाल के नाम जमीन होने के लिए स्टाम्प जमा नहीं किया था। एआईजी स्टाम्प ने नगर निगम को नोटिस भेजा था। दो बार नोटिस भेजने के बाद भी स्टाम्प न चुकाने पर डीएम की अनुमति के बाद नगर निगम पर वाद दर्ज किया गया है। 4 जून को वाद दायर किया गया था। कोर्ट में वाद संख्या 685 से 707 नंबर तक वाद दायर किए गए हैं।

नगर निगम ने यह दिया जवाब

नगर निगम की ओर से जवाब में कहा गया है कि सब रजिस्ट्रार द्वारा राज्यपाल द्वारा नगर निगम के पक्ष में रजिस्ट्री पर कोई आपत्ति नहीं उठाए जाने से स्पष्ट है कि रजिस्ट्री कानून के तहत हुई और स्टाम्प छूट दी गई है। यही नहीं जवाब में कहा गया कि राजनीति चमकाने के लिए इस मामले को उछाला गया है। जबकि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट शिफ्ट करना जनहित में है और इससे कोई राजस्व की हानि नहीं हो रही है। कुछ टेक्निकल गलती हो सकती है, जिसमें सुधार भी किया जा सकता है। यदि कागजों में कोई गलती थी तो सब रजिस्ट्रार को आपत्ति करनी चाहिए थी। ऐसे में सब रजिस्ट्रार द्वारा पद का दुरुपयोग किया गया है और 4 जून को जारी किए गए नोटिस वापस लिया जाए और वाद को निरस्त किया जाए।

नगर निगम ने अपना जवाब कोर्ट में दिया है। कोर्ट में वाद चल रहा है। कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई होगी। सब रजिस्ट्रार के मामले में विभागीय जांच अलग से हो रही है।

ब्रजचंद सिंह, एआईसी स्टाम्प

Posted By: Inextlive