उत्तरी इटली के दूरदराज इलाके में 5300 साल पहले एक आदमी की हत्या हुई थी। हाल ही में पुलिस ने उसके कत्ल की जांच शुरू की है।

दरअसल, ओएट्ज़टैलर आल्प्स के इलाके में ओएट्ज़ी नाम के इस हिममानव (आइसमैन) की पीठ में किसी ने तीर मार दिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी।

उसकी लाश बर्फ के आगोश में सदियों तक दफ्न रही। और इस तरह से ओएट्ज़ी धरती का सबसे पुराना और सबसे अच्छी तरह से संरक्षित की हुई ममी बन गया।

 

पेशेवर जानकारों की मदद

म्यूज़ियम की डायरेक्टर एंगेलिका फ़्लेकिंगर ने ओएट्ज़ी की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पेशेवर जानकारों की मदद मांगी है।

म्यूनिख पुलिस डिपार्टमेंट के डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर अलेक्जेंडर हॉर्न ओएट्ज़ी केस की जांच करेंगे।

वो कहते हैं, "मैंने अब तक ज्यादा से ज्यादा 20 साल या शायद 30 साल पुराना केस हैंडल किया है। लेकिन इस बार मुझे 5,300 साल पुराने केस को सुलझाने के लिए कहा गया है।"

शुरू में अलेक्जेंडर को लगा कि वो कोई मदद नहीं कर पाएंगे।

 

अचानक हुआ हमला

अलेक्ज़ेंडर कहते हैं, "यह काफी हद तक कत्ल का मामला लगता है। ओएट्ज़ी इस अचानक हुए इस हमले के लिए तैयार नहीं रहो होगा। ऐसा लगता है जैसे उसे थोड़ी दूर से निशाने पर लिया गया होगा। हमलावर कोई 100 फुट के फासले पर मौजूद रहा होगा।"

वो आगे कहते हैं, "मारे जाने के एकाध घंटे पहले वह शायद वहां आराम कर रहा था। शायद उसने काफी खा लिया था। इसलिए वो शायद वहां से जाने की जल्दी में नहीं था।"

ओएट्ज़ी के दाहिनी हाथ का जख्म भी एक अहम सुराग है। मौत के एक या दो दिन पहले उसे ये जख्म लगा था। शायद किसी से झगड़ा हुआ होगा।

 

हालांकि म्यूजियम की डायरेक्टर एंगेलिका फ़्लेकिंगर ओएट्ज़ी केस की तफ्तीश से बहुत खुश हैं। उनका कहना है कि मामले में प्रगति हुई है।

लेकिन अलेक्ज़ेंडर खुश नहीं लगते। वे कहते हैं कि शायद ही हम ये केस कभी सुलझा पाएं।

चेहरे पर हल्की मुस्कुराहट के साथ वो कहते हैं, "कातिल कत्ल करके बच गया, जांच के लिए जिम्मेदार होने के नाते, ये मुझे पसंद नहीं।"


Posted By: Satyendra Kumar Singh