JAMSHEDPUR (13 Jan, JNN) : सोनारी आर्मी कैंप में सोमवार को सैन्य उपकरण व हथियार प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इसमें नौ स्कूलों के 1329 विद्यार्थी, 28 शिक्षक और सौ एनसीसी कैडेटों ने सैन्य उपकरण व हथियारों की जानकारी ली। मौके पर विद्यार्थियों को शानदार कॅरियर और जीवन शैली के लिए सेना का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रदर्शन में शामिल उपकरणों में आर्टिलरी की तोपें, असॉल्ट राइफल्स, मशीन गन, पिस्टल, रॉकेट लांचर, मोर्टार के अलावा अन्य उपकरण शामिल थे। इनमें से तोप ने बच्चों को खास आकर्षित किया। यहां विद्यार्थियों को आर्टिलरी की आधुनिक संचार प्रणाली के माध्यम से डेटा और संचार प्रसारित करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई तो उपकरण व हथियार प्रदर्शन के अलावा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सेना के वीर जवानों के कार्यो को दर्शाने वाली फिल्म भी दिखाई गई।

उत्सुक दिखे विद्यार्थी

प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थी हथियारों के बारे में जानकारी लेने के लिए काफी उत्सुक दिखे। सेना के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सैन्य उपकरण व हथियारों से रूबरू कराया। सेना दिवस, गणतंत्र दिवस समारोह और युवा विद्यार्थियों तक पहुंचने के लिए सेना ने प्रदर्शनी का आयोजन गर्मजोशी से किया। यह आयोजन उन युवा छात्रों के लिए आकर्षण रहा जो यह जानने के लिए उत्सुक थे कि ये हथियार कैसे काम करते हैं। प्रदर्शनी के दौरान सेना के जवानों ने छात्रों को उनकी आवश्यकता अनुसार जानकारी दी, जिसके बारे में उनको जानना चाह रहे थे। अपने पसंदीदा हथियारों और उपकरणों के बारे में जानकारी पाकर विद्यार्थी उत्साहित दिखे। प्रदर्शनी में आर्टिलरी की तोप विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अधिकांश विद्यार्थी आर्टिलरी तोप पहली बार देखे।

Posted By: Inextlive